By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026
बिहार में छठ पूजा के तीसरे और चौथे दिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जलाशयों और घाटों पर गोताखोरों तथा आपदा मोचन बल के जवानों की तैनाती की गई है। इस चार दिवसीय पर्व के दौरान व्रती महिलाएं घुटने तक पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को छठ महापर्व के तीसरे अनुष्ठान, संध्या अर्घ्य के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं कामना करता हूं अस्ताचलगामी सूर्य और छठी मैया का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘छठ महापर्व के तीसरे अनुष्ठान संध्या अर्घ्य के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। जय छठी मैया।’’ मुख्यमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि गहरी आस्था और भक्ति का प्रतीक छठ पर्व स्थानीय परंपरा से निकलकर वैश्विक उत्सव बन चुका है। यूरोप, अमेरिका और एशिया के विभिन्न देशों से इस पर्व के आयोजन के वीडियो और तस्वीरें सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार को सुंदर बनाने, सजाने-संवारने, स्वच्छ रखने और रोशनी से जगमग करने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन ने भी पर्व के सुचारू आयोजन के लिए पूरी तैयारी की है। चौधरी ने कहा, ‘‘हमें विश्वास है कि इस वर्ष छठ महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और ऐतिहासिक स्तर पर मनाया जाएगा।
इस गौरवशाली परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। जय छठी मैया! जय बिहार।’’ छठ पूजा के अवसर पर पहली बार जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से पटना के मरीन ड्राइव और दीघा घाट पर भव्य त्रिआयामी (3डी) लेजर शो का आयोजन किया जा रहा है।
रविवार को राज्यभर में गंगा सहित विभिन्न नदियों और जलाशयों के किनारे लाखों श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की पूजा की। सोमवार को उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, विभाग ने सभी जिला प्रशासनों के समन्वय से राज्य के संवेदनशील छठ घाटों पर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम तैनात की हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
व्यवस्था के तहत एसडीआरएफ के जवानों को 254 घाटों पर, जबकि एनडीआरएफ की टीम को 123 घाटों पर तैनात किया गया है। इस प्रकार दोनों बलों की तैनाती राज्य के कुल 377 संवेदनशील घाटों पर की गई है। बयान में कहा गया है कि इसके अतिरिक्त राज्यभर के 12,806 घाटों पर स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों की तैनाती की गई है।
इन व्यवस्थाओं का मुख्य उद्देश्य पर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित बचाव एवं राहत अभियान चलाना है। पटना जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘छठ पूजा के लिए सभी घाट तैयार हैं। पटना में पर्व को लेकर पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
सभी स्थायी घाट नदी तट से जुड़े हैं, जिससे श्रद्धालुओं को वहां पहुंचने में कोई परेशानी नहीं होगी। छठ पूजा के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं, जिनका श्रद्धालुओं को पालन करना चाहिए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।’’ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी और इसका समापन 16 नवंबर को होगा।