Gautam Gambhir की राय से Shreyas Iyer असहमत, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के हालात अलग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026

भारत के कार्यवाहक वनडे कप्तान श्रेयस अय्यर ने रविवार को न्यूजीलैंड में भारतीय बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन को लेकर मुख्य कोच गौतम गंभीर की राय से असहमति जताई। उन्होंने कहा कि यहां की परिस्थितियों की तुलना विश्व कप मेजबान दक्षिण अफ्रीका से नहीं की जा सकती और पांच मैचों की सीरीज में दोनों टीम के गेंदबाजों का दबदबा रहा। भारतीय टीम के चौथे वनडे में महज 89 रन पर ऑलआउट होने के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन पर चिंता जताई थी।

गंभीर ने कहा था, ‘‘मुझे चिंता होगी क्योंकि निश्चित तौर पर यहां की परिस्थितियां विश्व कप के दौरान मिलने वाली परिस्थितियों के सबसे करीब हो सकती हैं।’’ जब अय्यर से पूछा गया कि क्या न्यूजीलैंड में खेली गई वनडे सीरीज अगले साल अक्टूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले 2027 विश्व कप की तैयारी के लिहाज से अभ्यास का मौका थी तो उन्होंने पांचवें वनडे में जीत के बाद विनम्रतापूर्वक गंभीर की राय से असहमति जताई। भारत ने यह मुकाबला जीतकर सीरीज 3-1 से अपने नाम की। अय्यर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘हम न्यूजीलैंड में हैं इसलिए इसकी तुलना दक्षिण अफ्रीका से नहीं कर सकते।

वहां का मौसम अलग होगा। खासकर बल्लेबाजी के नजरिए से देखें तो दोनों ही टीमें अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकीं। हमारी गेंदबाजी लगातार अच्छी रही और उनकी भी।

पिच मुख्य रूप से गेंदबाजों के अनुकूल थी। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात सीरीज जीतना था और हमने ऐसा किया। इसलिए इसके बाद हम बाकी चीजों के बारे में ज्यादा नहीं सोचते।

’’ शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी कर रहे अय्यर का बल्ले से यह दौरा अच्छा नहीं रहा। उनके लगातार खराब प्रदर्शन के बाद एक बार फिर शॉर्ट गेंद के खिलाफ उनकी कमजोरी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। विदेशी दौरों पर बल्लेबाजी की चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर अय्यर ने कहा, ‘‘यहां हमें मध्य विकेट पर अभ्यास करने का मौका नहीं मिलता इसलिए हम यह अंदाजा नहीं लगा पाते कि गेंद किस दिशा में जाएगी।

जब भी हम विदेश दौरे पर आते हैं, तो हमें खुले नेट में अभ्यास करना पड़ता है। वहां हर चीज एक जैसी रहती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत में जब हम खुले नेट में बल्लेबाजी करते हैं और शॉट लगाते हैं, तो हमें पता होता है कि गेंद कहां जा रही है और किस दिशा में निकल रही है। इसलिए विदेशों में यह हमारे सामने एक चुनौती होती है।

’’ अय्यर ने लगातार क्रिकेट खेलने और बीच-बीच में यात्रा करने को भी प्रदर्शन पर असर डालने वाला बताया। उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं और इस दौरान यात्रा भी कर रहे हैं तथा बीच में अभ्यास करना पड़ता है तो यह काफी थकाने वाला हो जाता है। इसका असर निश्चित रूप से प्रदर्शन पर भी दिखाई देता है।

आखिरकार हम सभी इंसान हैं, मशीन नहीं। ’’ टी20 और वनडे में कप्तानी के अंतर के बारे में अय्यर ने कहा कि 50 ओवर के प्रारूप में पूरे मैच के दौरान लगातार दिमाग सक्रिय रखना पड़ता है जो थकाने वाला होता है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अब मैंने काफी कप्तानी कर ली है।

लेकिन वनडे क्रिकेट चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि आपको पूरे 50 ओवर तक लगातार रणनीति और खेल की स्थिति पर ध्यान देना पड़ता है। यह थोड़ा थकाने वाला है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘पहले मैच में मुझे इसका अनुभव हुआ था लेकिन आज एक समय ऐसा आया जब खेल की रफ्तार धीमी हो गई थी।

मैच एक लय में चल रहा था। पहले रोमांच था और फिर खेल थोड़ा धीमा हो गया। ’’ अय्यर ने कहा, ‘‘लेकिन इसी तरह आप खेल की गति को समझते हैं।

हर दिन कुछ न कुछ सीखने को मिलता है। इस दौरे में अनुभव मिला-जुला रहा। एक हार और एक जीत के साथ यह काफी रोमांचक रहा।

’’ अय्यर ने कहा कि वनडे क्रिकेट में अपनी दूसरी सबसे बड़ी हार के बाद भारतीय टीम ने जल्द ही उससे उबरकर अगले मुकाबले पर ध्यान केंद्रित कर लिया था। उन्होंने कहा, ‘‘सच कहूं तो अगले ही दिन हम उस हार को भूल गए थे। हमने इस बारे में चर्चा तक नहीं की कि क्या हुआ था।

वह एक खराब दिन था। हमें उसे पीछे छोड़कर आगे बढ़ना था। क्योंकि मैं मानता हूं कि विपक्षी टीम भी जीतने के इरादे से आई थी।

वे अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेल रहे थे। उस दिन मैट हेनरी शानदार गेंदबाजी कर रहे थे। उनकी गेंदबाजी बेहद घातक और धारदार थी।

इसलिए जहां श्रेय देना चाहिए, वहां देना चाहिए।

प्रमुख खबरें

छठ पूजा: Bihar के 377 संवेदनशील घाटों पर NDRF और SDRF की तैनाती, सुरक्षा के कड़े प्रबंध

IPS बनकर महिला से 71 लाख रुपये ठगने वाले तीन साइबर अपराधी Bhopal से गिरफ्तार

हमारा भारत तभी सशक्त और समृद्ध बनेगा, जब जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और विकास हमारी राष्ट्रीय प्राथमिकता बनेगा

India और Egypt द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए TOR तय करने पर सहमत