Samrat Choudhary ने सहयोग शिविर में लापरवाही पर 15 अधिकारियों को किया निलंबित

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यस्तरीय जन शिकायत निवारण शिविर ‘सहयोग शिविर’ के दौरान मामलों के निपटारे में कथित लापरवाही बरतने के आरोप में 15 अधिकारियों को निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, निलंबित अधिकारियों में विभिन्न जिलों के अंचल अधिकारी (सीओ), प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अभियंता और अन्य सरकारी कर्मचारी शामिल हैं।

बयान में बताया गया कि निलंबित अधिकारियों में मुंगेर के जय प्रकाश व अर्चना कुमारी, भोजपुर के रवि रंजन, कटिहार के संजीव कुमार, भागलपुर के संतोष कुमार सुमन, अररिया के पंकज कुमार, गया जी के रमेश कुमार, जहानाबाद के रंजीत कुमार उपाध्याय, सुपौल की प्रियंका सिंह और वीणा वैशाली, शेखपुरा के रोहित कुमार दुबे, मुजफ्फरपुर के भोला नाथ, पश्चिम चंपारण के श्याम बाबू राय, सीतामढ़ी के पवन कुमार और गोपालगंज के शुभम कुमार शामिल हैं। इन अधिकारियों के खिलाफ राजस्व एवं भूमि सुधार, ग्रामीण विकास, नगर विकास एवं आवास तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभागों से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जवाबदेही सुनिश्चित करने और आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निपटारा करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने पहले ही अधिकारियों को नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने को कहा था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की शिकायत का पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से निवारण सुनिश्चित करना है। राज्य के सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे नागरिकों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करें और उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करें।” अधिकारियों के अनुसार, सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक बड़ी संख्या में लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि ऐसे आवेदक, जो शिकायतों पर लिये गये फैसलों से संतुष्टि नहीं है, उनकी शिकायतों की दोबारा समीक्षा करने और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से राज्यस्तरीय ‘सहयोग कार्यक्रम’ शुरू किया गया है।

प्रमुख खबरें

Iran War ने Trump को बुरी तरह फँसाया, रक्षा मंत्री Pete Hegseth के खिलाफ Impeachment प्रस्ताव पेश, राष्ट्रपति भी नपेंगे!

Emergency के फैसलों में Sanjay Gandhi का था अहम दखल, Sonia Gandhi ने अपनी आत्मकथा में किए कई खुलासे

UP चुनाव से ठीक पहले क्या बड़ा होने वाला है? सौरव दास ने CM योगी का नाम लेकर कौन सा तहलका मचाने वाला दावा कर दिया

साउथ सुपरस्टार यश ने रावण के लुक में बच्चों संग मनाई दिवाली! फैंस के प्यार के लिए जताया आभार, सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें