बिहार बाढ़: बचाव और राहत कार्यों में जुटी NDRF की टीम, वायु सेना के हेलीकॉप्टर तैनात

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 01, 2019

नयी दिल्ली। केंद्र ने बिहार में बाढ़ में फंसे लोगों की मदद के लिए एनडीआरएफ के 20 दलों को भेजा है और भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टरों को काम में लगाया है। कैबिनेट सचिव राजीव गौबा के नेतृत्व में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन समिति (एनसीएमसी) ने मंगलवार को बिहार में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। बिहार के 16 जिले जल प्रलय से प्रभावित हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 20 दलों को राज्य में तैनात किया गया है। इसमें 900 बचाव कर्मी शामिल हैं। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि छह दलों को राजधानी पटना में तैनात किया गया है, जहां पिछले तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है और जलभराव हो गया है। 

इसे भी पढ़ें: बारिश-बाढ़ से पानी-पानी हुआ पटना, गिरिराज बोले- ये प्राकृतिक आपदा नहीं, सरकार की है नाकामी

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय मंत्रालयों के दलों ने राज्य में नुकसान का आकलन कर लिया है लेकिन मौजूदा हालात का जायजा लेने के लिए वे नया दौरा करेंगे। मौसम विभाग ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में बिहार में बहुत भारी बारिश हुई है लेकिन हालात अब सुधर रहे हैं। कैबिनेट सचिव ने मौजूदा स्थिति, तैयारी, बचाव और राहत अभियानों का जायजा लिया तथा निर्देश दिया कि इस आपदा से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा मांगी तत्काल सहायता मुहैया करायी जाए। गृह और रक्षा मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ मौसम विभाग, एनडीआरएफ और केंद्रीय जल आयोग के अधिकारी मंगलवार सुबह बैठक में शामिल हुए। बिहार सरकार के मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए इस बैठक में भाग लिया। बिहार में आयी जल प्रलय में अब तक कम से कम 28 लोगों की जान जा चुकी है।

प्रमुख खबरें

Smoking और Pollution से डैमेज हुए Lungs क्या खुद ठीक हो सकते हैं, समझें रिकवरी प्रक्रिया

Election Commission भेदभाव तो करता है! आम लोगों और VIP Voters के साथ आखिर अलग अलग सलूक क्यों होते हैं?

Gyanesh Kumar से तीखे सवाल क्यों पूछने लगे Modi के हनुमान Chirag Paswan? क्या NDA में भी बढ़ रहे हैं मतभेद?

29 नवंबर को दुनिया देखेगी RSS की ताकत, Centenary Year के तहत सालभर चले अभियान का Delhi में बड़े आयोजन के साथ होगा समापन