बिहार के मंत्री Ashok Choudhary ने सहायक प्रोफेसर पद से दिया इस्तीफा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026

जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता और बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने शनिवार को कहा कि उन्होंने सहायक प्रोफेसर के पद से इस्तीफा दे दिया है। हाल ही में एक कॉलेज में इस पद पर उनकी नियुक्ति को लेकर लाभ के पद का विवाद खड़ा हो गया था। सम्राट चौधरी सरकार में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग संभाल रहे चौधरी ने हालांकि कहा कि यह विवाद ‘‘अनावश्यक’’ था और शिक्षाविदों का विधायक तथा मंत्री बनना कोई नयी बात नहीं है।

जद(यू) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी ने कहा, ‘‘मैंने संबंधित अधिकारियों को अपना इस्तीफा भेज दिया है, क्योंकि अनावश्यक विवाद खड़ा हो गया था। यह मेरी पार्टी के साथ-साथ उस सरकार के हित में भी नहीं था, जिसका मैं हिस्सा हूं।’’ पचास वर्ष से अधिक उम्र के चौधरी का पिछले साल राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग की ओर से आयोजित प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद इस पद के लिए चयन हुआ था। मगध विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पीएचडी धारक चौधरी का चयन अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए निर्धारित कोटा के माध्यम से हुआ और इस वर्ष की शुरुआत में वे पटना स्थित ए एन कॉलेज के संकाय में शामिल हो गए।

विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चौधरी ने शुरुआत में “बिना वेतन लिए” शिक्षण के प्रति अपने जुनून को जारी रखने की इच्छा जताई थी। हालांकि, परिवीक्षा अवधि के दौरान उन्हें लंबी छुट्टी दिए जाने की खबर सामने आने के बाद वह विवादों में घिर गए। हालांकि, चौधरी ने दावा किया, “मैंने फरवरी में पद पर बने रहने (लियन) के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक मेरा आवेदन न तो स्वीकार किया गया और न ही खारिज।

अगर इसे मंजूरी मिल भी जाती, तो इसमें कुछ भी गलत या अभूतपूर्व नहीं होता। अतीत में कई ऐसे शिक्षकों को लियन दिया गया है, जो बाद में विधायक या यहां तक कि मंत्री बने।” चौधरी ने कहा, ‘‘मेरे मामले में लाभ के पद का सवाल लागू नहीं होता। उच्चतम न्यायालय का एक आदेश स्पष्ट रूप से कहता है कि शिक्षण पेशे को लाभ के पद वाली नौकरी नहीं माना जा सकता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बहरहाल, मैंने इस स्थिति से खुद को अलग करने का फैसला किया है।

दरअसल, मैं केवल अपने दिवंगत पिता की उस इच्छा को पूरा करने की कोशिश कर रहा था कि मैं पीएचडी करूं और फिर सहायक प्रोफेसर बनूं।’’ गौरतलब है कि चौधरी बिहार प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके दिवंगत पिता महावीर चौधरी उस समय मंत्री थे, जब बिहार में कांग्रेस की सरकार थी। इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर मुस्कुराते हुए कहा कि यह अच्छा है कि अशोक चौधरी ने आखिरकार इस्तीफा दे दिया।

उनकी पार्टी ने इस मुद्दे पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को घेरने की बात कही थी। राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी ने कहा, ‘‘यह अच्छा है कि अशोक चौधरी ने आखिरकार इस्तीफा दे दिया। इससे उन्होंने लगभग स्वीकार कर लिया है कि उनसे गलती हुई थी।

आजकल गलत करने वाले लोग अक्सर अपनी गलती मानने के बजाय उस पर अड़े रहने की कोशिश करते हैं।’’

प्रमुख खबरें

मदुरै के Thirupparankundram पहाड़ी पर दीपम जलाने सिर्फ 50 श्रद्धालुओं को मंजूरी

Panchayat Season 5 से पहले Kevin Pietersen बने देसी, कुर्ता-पायजामा और गमछा पहनकर घूमे फुलेरा, भुटकुन की चाय पी...

विकेट न मिलने के बावजूद Jasprit Bumrah की लय बेहतरीन, कोच बोले- जल्द चटकाएंगे Wickets

CP Radhakrishnan ने कहा, 2029 से पहले एक ट्रिलियन Dollar अर्थव्यवस्था बनेगा उत्तर प्रदेश