By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 17, 2025
दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे 42 वर्षीय बाइक टैक्सी चालक की मौत हो गई जबकि पीछे बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान दिल्ली के छतरपुर निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “वह (सुनील) एक अन्य व्यक्ति के साथ जा रहा था कि तभी महरौली-बदरपुर रोड के निकट उनकी मोटरसाइकिल को एक ट्रक ने टक्कर मार दी।”
उन्होंने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।