By नीरज कुमार दुबे | Oct 31, 2026
29 अक्टूबर 2026 की रात क्रिप्टोकरेंसी की दुनिया में कुछ ऐसा हुआ, जिसने पूरी डिजिटल वित्तीय व्यवस्था की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया। दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज Binance के डिजिटल वॉलेट पर साइबर हमला हुआ और देखते ही देखते लगभग 6.3 अरब डॉलर की क्रिप्टोकरेंसी लुटेरों के हाथों में पहुंच गई। यह रकम भारतीय मुद्रा में लगभग 56 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक बैठती है। जिस प्लेटफॉर्म को दुनिया डिजिटल संपत्तियों का सबसे बड़ा सुरक्षित ठिकाना मानती थी, उसी के सुरक्षा तंत्र में सेंध लगाकर हमलावरों ने इतिहास की सबसे बड़ी क्रिप्टो लूट को अंजाम दे दिया।
इसे भी पढ़ें: व्यवसायी से 3.93 करोड़ की ठगी में Delhi Police ने सात लोगों को दबोचा
मामला केवल एक कंप्यूटर हैक होने तक सीमित नहीं था। बाद की जांच में Binance ने सुरक्षा में सेंध के दूसरे संभावित बिंदुओं का भी पता लगाया। ब्लॉकचेन विश्लेषण करने वाली संस्था Elliptic के मुताबिक, हमलावरों ने कई ब्लॉकचेन पर फैले वॉलेट्स से लगभग 6.43 अरब डॉलर की क्रिप्टो संपत्ति निकाल ली। Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, लूट का सबसे बड़ा हिस्सा महज लगभग 20 मिनट में अंजाम दिया गया।
देखा जाये तो यह कोई छोटी-मोटी डिजिटल चोरी नहीं थी। लुटेरों ने बिटकॉइन, Ethereum, USDT और USDC जैसी प्रमुख डिजिटल संपत्तियों को निशाना बनाया। Elliptic के विश्लेषण के अनुसार, चोरी में लगभग 18,270 बिटकॉइन और अरबों डॉलर मूल्य के स्टेबलकॉइन शामिल थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी मात्रा में डिजिटल संपत्ति एक ही एक्सचेंज के सुरक्षा तंत्र को पार करते हुए अलग-अलग ब्लॉकचेन नेटवर्क पर पहुंच गई। हमलावरों ने रकम को अलग-अलग डिजिटल पतों में स्थानांतरित करना शुरू कर दिया, जिससे उसकी पहचान और बरामदगी मुश्किल हो सके।
हम आपको बता दें कि इस पूरी वारदात के पीछे उत्तर कोरिया से जुड़े साइबर अपराधियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। ब्लॉकचेन सुरक्षा और विश्लेषण से जुड़ी TRM Labs तथा Chainalysis ने हमले के तौर-तरीकों के आधार पर TraderTraitor नामक उत्तर कोरिया से जुड़े हैकर समूह की ओर संकेत किया है। इस समूह को पहले भी बड़े क्रिप्टो हमलों से जोड़ा गया है। हालांकि, हमलावरों की पहचान को लेकर जांच अभी जारी है और Binance ने किसी अंतिम निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
उधर, जैसे ही हमले का पता चला, Binance ने निकासी और जमा की कुछ सेवाओं पर अस्थायी रोक लगा दी। कंपनी ने जांच शुरू की और दुनिया भर की ब्लॉकचेन कंपनियों, कानून प्रवर्तन एजेंसियों तथा स्टेबलकॉइन जारी करने वाली संस्थाओं से संपर्क साधा। Tether ने लगभग 1.57 अरब डॉलर और Circle ने 80 करोड़ डॉलर से अधिक की संदिग्ध संपत्ति फ्रीज करने की जानकारी दी। Ripple और अन्य नेटवर्क से जुड़े साझेदारों ने भी कार्रवाई की। Binance ने 30 अक्टूबर के अपने आधिकारिक अपडेट में बताया कि लगभग तीन अरब डॉलर की संपत्ति ब्लॉकचेन पर फ्रीज कराई जा चुकी है।
लेकिन करीब इतनी ही बड़ी रकम की बरामदगी अब भी चुनौती बनी हुई है। जिन संपत्तियों को फ्रीज नहीं किया जा सकता, उन्हें दूसरे डिजिटल एसेट में बदलकर अलग-अलग पतों पर भेजने की कोशिश की जा रही है। यही इस साइबर लूट की सबसे खतरनाक कड़ी है।
साथ ही इतने बड़े नुकसान के बाद सबसे बड़ा सवाल था कि क्या निवेशकों का पैसा डूब जाएगा? क्या हजारों-लाखों लोगों की डिजिटल बचत इस साइबर हमले की भेंट चढ़ जाएगी? इस पर Binance के सह-सीईओ यी हे और रिचर्ड टेंग ने इस पर कंपनी का रुख स्पष्ट किया। कंपनी ने घोषणा की कि चोरी से हुए नुकसान का वित्तीय बोझ ग्राहकों पर नहीं डाला जाएगा। Binance अपने Secure Asset Fund for Users (SAFU) और कंपनी के खजाने से इस नुकसान की भरपाई करेगी।
30 अक्टूबर के आधिकारिक अपडेट में Binance ने बताया कि उसने 6.34 अरब डॉलर से अधिक की धनराशि नुकसान की भरपाई के लिए निर्धारित की है। इसमें लगभग पांच अरब डॉलर चोरी हुई संबंधित क्रिप्टो संपत्तियों के रूप में उपलब्ध कराए जा चुके थे। बाकी रकम बाजार और ओवर-द-काउंटर माध्यमों से जुटाने की प्रक्रिया में थी। कंपनी ने यह भी कहा कि वह 2 नवंबर तक शुरुआती Proof of Reserves रिपोर्ट जारी करने की दिशा में काम कर रही है, ताकि निवेशक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध संपत्तियों और अपने खातों के बैलेंस की स्थिति को समझ सकें।
देखा जाये तो इस घटना ने केवल Binance को नहीं, बल्कि पूरी क्रिप्टो इंडस्ट्री को कठघरे में खड़ा कर दिया है। जब दुनिया का सबसे बड़ा एक्सचेंज ही इतने बड़े साइबर हमले का शिकार हो सकता है, तो छोटे एक्सचेंजों और सामान्य निवेशकों की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा? क्या कंपनियों के आंतरिक सिस्टम में कर्मचारियों के लैपटॉप और तकनीकी एक्सेस की निगरानी पर्याप्त है? क्या बड़े लेनदेन के लिए कई स्तरों की मंजूरी अनिवार्य नहीं होनी चाहिए? क्या किसी एक कर्मचारी के सिस्टम में सेंध लगाकर अरबों डॉलर की संपत्ति तक पहुंच बन जाना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर कमजोरी नहीं है?
यही वजह है कि दूसरे क्रिप्टो एक्सचेंज भी अपनी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा में जुट गए हैं। Coinbase ने अपने ऑफलाइन क्रिप्टो स्टोरेज सिस्टम में अतिरिक्त सुरक्षा कदम उठाने की जानकारी दी है, जबकि Kraken ने भी अपने सुरक्षा उपायों की समीक्षा शुरू की है।
उधर, Binance के सामने अब चुनौती केवल चोरी हुई रकम वापस लाने की नहीं है। असली चुनौती उस भरोसे को बचाने की है, जिसके आधार पर दुनिया भर के करोड़ों लोग क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करते हैं। देखा जाये तो यह हमला एक चेतावनी है कि डिजिटल अर्थव्यवस्था में तकनीक जितनी तेजी से आगे बढ़ रही है, साइबर अपराधियों के हथियार भी उतनी ही तेजी से घातक हो रहे हैं। 29 अक्टूबर की यह वारदात क्रिप्टो इतिहास में एक काले अध्याय के रूप में दर्ज हो चुकी है। लगभग 56 हजार करोड़ रुपये की डिजिटल लूट ने दुनिया को बता दिया है कि इंटरनेट की दुनिया में सबसे मजबूत दिखने वाला किला भी अभेद्य नहीं है। और इस बार लुटेरे तिजोरी तोड़कर नहीं आए थे, उन्होंने उस सिस्टम को ही अपने कब्जे में ले लिया था, जिसके भरोसे पूरी तिजोरी की रखवाली की जा रही थी।