Haryana में बदली विधानसभा चुनाव की तारीख, बिश्नोई समुदाय ने किया Election Commission के फैसले का स्वागत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 01, 2024

चंडीगढ़। बिश्नोई समुदाय के लोगों ने उनके सदियों पुराने त्योहार के मद्देनजर हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख एक अक्टूबर से स्थगित कर पांच अक्टूबर करने के निर्वाचन आयोग के फैसले का स्वागत किया है। आयोग के इस फैसले का सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी स्वागत किया है। निर्वाचन आयोग ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के तहत मतदान एक अक्टूबर के बजाय पांच अक्टूबर को कराने की घोषणा करते हुए शनिवार को कहा था कि बिश्नोई समुदाय के सदियों पुराने त्योहार को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आयोग ने कहा था कि जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनावों की मतगणना चार अक्टूबर के बजाय अब आठ अक्टूबर को होगी।

इसे भी पढ़ें: इस्तीफे पर क्या बोले KC Tyagi? जेडीयू के नए राष्ट्रीय प्रवक्ता Rajiv Ranjan Prasad की भी सामने आई प्रतिक्रिया

तारीख में बदलाव से पहले, एक अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर में तीसरे और अंतिम चरण के विधानसभा चुनावों के साथ ही हरियाणा में चुनाव कराए जाने थे। निर्वाचन आयोग ने कहा था कि हरियाणा विधानसभा चुनाव की तिथि आगे बढ़ाने का निर्णय उस बिश्नोई समुदाय के मतदान के अधिकार और परंपराओं का सम्मान करने के लिए लिया गया है, जिसने अपने गुरु जम्भेश्वर की याद में 300-400 साल पुरानी परंपरा को बरकरार रखा है। आयोग ने बताया था कि हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख पुनर्निर्धारित करने के लिए उसे अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा, बीकानेर (राजस्थान) के राष्ट्रीय अध्यक्ष से एक अभिवेदन प्राप्त हुआ था।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, अभिवेदन में कहा गया था कि पंजाब, राजस्थान और हरियाणा से लोग गुरु जम्भेश्वर की याद में बीकानेर में होने वाले वार्षिक उत्सव के लिए राजस्थान में अपने पैतृक गांव मुकाम पहुंचते हैं। इस साल यह त्योहार दो अक्टूबर को है और सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में रहने वाले हजारों बिश्नोई परिवार उस दिन राजस्थान की यात्रा करेंगे, जिससे वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से वंचित हो सकते थे। इसके साथ ही, हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने लंबे सप्ताहांत को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन आयोग से मतदान की तारीख बदलने का अनुरोध किया था।

इसे भी पढ़ें: Chhatrapati Shivaji Statue Collapse Incident । मुंबई में MVA का विरोध मार्च, महाराष्ट्रा सरकार के खिलाफ लगे नारे

भाजपा की हरियाणा इकाई के प्रमुख मोहन लाल बड़ौली ने भी निर्वाचन आयोग को चुनाव स्थगित करने के लिए धन्यवाद दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा था कि भाजपा ने चुनाव स्थगित करने की मांग करके हार स्वीकार कर ली है। इस टिप्पणी के बारे में सवाल किए जाने पर बड़ौली ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने आपातकाल लागू किया... उनकी यह कभी सोच नहीं रही कि अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने में सक्षम होने चाहिए।’’ बड़ौली ने कहा, ‘‘जब मैंने पत्र लिखा था, तो मैंने चुनाव स्थगित करने के कारण बताए थे। हम निर्वाचन आयोग के फैसले का स्वागत करते हैं।’’ भाजपा की हरियाणा इकाई के नेता और पूर्व गृह मंत्री अनिल विज ने भी चुनाव स्थगित करने के फैसले का स्वागत किया।

प्रमुख खबरें

सरकार ने ECMS के 31 नए विनिर्माण प्रस्तावों को ₹7,877 करोड़ की मंजूरी दी

Tata Power और IIT Bombay ने उन्नत स्वच्छ ऊर्जा पर मास्टर रिसर्च समझौता किया

Bain Capital ने Embassy REIT की 5.64% हिस्सेदारी 2,325 करोड़ रुपये में बेची

Afghanistan-India संबंधों से दोनों देशों को मिलेगा लाभ, दूतावास में बोले नूर अहमद नूर