By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026
कांग्रेस के विरोध के बीच, वडोदरा नगर निगम (वीएमसी) की आम सभा ने बुधवार को गुजरात सरकार के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी, जिसके तहत पूर्व भारतीय क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसद यूसुफ पठान को 978 वर्ग मीटर के विवादित भूखंड का कुछ हिस्सा मुफ्त और बाकी हिस्सा रियायती दर पर दिया जाएगा। भाजपा शासित वीएमसी की आम सभा ने एक बैठक में उस विवादित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी, जिसके तहत पठान को तंडलजा इलाके में उनके आवास से सटा 500 वर्ग मीटर भूखंड मुफ्त में मिलेगा, और बाकी 478 वर्ग मीटर के भूखंड के लिए उनसे बाजार मूल्य का 55 प्रतिशत हिस्सा लिया जाएगा। विपक्षी दल कांग्रेस ने इस प्रस्ताव के विरोध में वोट दिया।
महापौर गीता मकवाना ने बताया कि भूखंड से जुड़ा प्रस्ताव, जिसकी समीक्षा वीएमसी की स्थायी समिति ने की थी, उसे बैठक में आम सभा द्वारा बहुमत से मंजूरी दे दी गई। उन्होंने कहा, “विपक्ष के सदस्यों ने इसके (प्रस्ताव के) खिलाफ वोट दिया, जिससे आम सभा की बैठक में बहस छिड़ गई। हालांकि, यह प्रस्ताव क्योंकि राज्य सरकार की ओर से आया था, इसलिए हमने बहुमत से इसे मंजूरी दे दी।
पठान को आवंटित भूखंड के संबंध में, कुछ खास शर्तों और नियमों को लागू करने पर चर्चा हुई, और यह सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जाएगा कि इनका पालन हो।” मकवाना ने कहा कि महापौर के तौर पर वह चाहती थीं कि इस भूखंड के लिए कुछ खास नीतियां और नियम लागू हों, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि जिसे जमीन आवंटित की गई है, वह इसे किसी तीसरे पक्ष को न बेच सके। कांग्रेस ने क्रिकेटर से नेता बने पठान को सरकारी भूखंड आवंटित किए जाने को लेकर सत्ताधारी भाजपा पर निशाना साधा और इसे “भ्रष्टाचार और दोहरे मापदंड” का मामला बताया।