Bisleri ने पेयजल को बताया सुरक्षित, FSSAI की जांच में सहयोग का दिया भरोसा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

बोतलबंद पानी के कारोबार से जुड़ी कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल ने सोमवार को कहा कि उसका उत्पाद उपभोग के लिए सुरक्षित है और वह खाद्य सुरक्षा नियामक के साथ सहयोग करेगी। यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बोतलबंद पेयजल क्षेत्र में अपनी देशव्यापी जांच का दायरा बढ़ाते हुए प्रमुख ब्रांडों के नमूने लेने और विनिर्माण संयंत्रों का निरीक्षण शुरू किया है। बिसलेरी का यह बयान कंपनी के गोवा संयंत्र में निर्मित पेयजल के एक बैच को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद आया है।

एफएसएसएआई ने इस मामले में कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। खाद्य नियामक के मुताबिक, जांच के लिए एकत्रित नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई थी। कंपनी की अपील के बाद संदर्भ प्रयोगशाला में दोबारा जांच के दौरान पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी भी मिली।

ब्रोमेट और पीएएच को स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह माना जाता है और इनसे कैंसर का भी खतरा होता है। बिसलेरी ने जांच के नतीजों में अंतर का हवाला देते हुए कहा कि उसे नियामकीय कार्रवाई की कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है। कंपनी के मुताबिक, यह मामला सितंबर, 2025 में गोवा संयंत्र में निर्मित एक बैच से जुड़ा है।

एफएसएसएआई ने 30 सितंबर, 2025 को संयंत्र से छह नमूने लिए थे। शुरुआती जांच में पांच नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए थे, जबकि एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली थी। इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।

कंपनी ने 22 नवंबर, 2025 को इस नतीजे के खिलाफ अपील की थी। बिसलेरी के अनुसार, संदर्भ प्रयोगशाला ने दोबारा जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई, लेकिन पीएएच की मौजूदगी बताई। इसके बाद कंपनी ने उसी नमूने की जांच एफएसएसएआई से मान्यता-प्राप्त एक अन्य प्रयोगशाला से कराई, जिसमें ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली।

बिसलेरी ने कहा कि उसने दो फरवरी, 2026 को स्वतंत्र जांच के नतीजे एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दिए थे, लेकिन इसके बाद उसे कोई सूचना नहीं मिली। कंपनी ने कहा कि उसे ईमेल या लिखित रूप में कार्रवाई का कोई नोटिस नहीं मिला और एफएसएसएआई की वेबसाइट पर भी उसे ऐसा नोटिस नहीं मिला। कंपनी ने कहा कि वह अपनी 10 चरणों वाली विनिर्माण प्रक्रिया में 90 से अधिक गुणवत्ता जांच करती है।

पेयजल की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और वह नियामक के साथ उचित प्रक्रिया के तहत सहयोग करेगी। एफएसएसएआई ने स्पष्ट किया है कि बिसलेरी के बैच संख्या ‘जीओ 270’ की बिक्री पर रोक लगाने का आदेश जारी किया गया था। नियामक के मुताबिक, केवल एक बैच निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा और कंपनी को इसकी मूल वजह का विश्लेषण करने के लिए कहा गया है।

सूत्रों के मुताबिक, एफएसएसएआई ने पैकेज्ड पेयजल क्षेत्र में प्रमुख ब्रांडों के नमूने लेने और विनिर्माण संयंत्रों का निरीक्षण करने का अभियान तेज कर दिया है। प्रयोगशाला जांच में जिन कंपनियों के उत्पाद निर्धारित मानकों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। बिसलेरी के भारत और संयुक्त अरब अमीरात में 143 विनिर्माण संयंत्र हैं।

उसका वितरण नेटवर्क 6,000 से अधिक वितरकों के जरिये फैला हुआ है। कंपनी के उत्पादों में बोतलबंद पेयजल, प्रीमियम वेदिका हिमालयन स्प्रिंग वाटर और कार्बोनेटेड पेय शामिल हैं।

प्रमुख खबरें

Amit Shah के अरुणाचल दौरे पर होर्डिंग गिराने वाले Youth Congress नेता तार जॉनी को मिली जमानत

Jannik Sinner की होगी घुटने की सर्जरी, Australian Open से बाहर होने की आशंका

आंध्र प्रदेश: CM Chandrababu Naidu ने स्वास्थ्य और कृषि में AI तकनीक अपनाने के निर्देश दिए

चोटों के कारण गंवाए 10 से 15 Test मैच, KL Rahul ने समझाई तीनों फॉर्मेट की चुनौती