बीजद ने ओडिशा के विशेष राज्य का दर्जा और आर्थिक सहायता देने की मांग की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 17, 2019

नयी दिल्ली। राज्यसभा में बीजू जनता दल के एक सदस्य ने बुधवार को ओडिशा को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने और आए दिन प्राकृतिक आपदाओं का सामना करने वाले इस राज्य के आर्थिक सहायता की मांग की। शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए बीजद सदस्य सस्मित पात्रा ने कहा कि हाल ही में ओडिशा फोनी चक्रवात से दो चार हुआ। उन्होंने कहा कि लाखों वृक्ष फोनी चक्रवात की वजह से तबाह हो गए, 5.6 लाख मकान ध्वस्त हो गए और बड़े पैमाने पर संपत्ति का नुकसान हुआ। पात्रा ने कहा कि 1900 से 2019 तक आए कुल तूफानों, चक्रवातों में से 35 फीसदी का सामना ओडिशा ने ही किया है। इस स्थिति को देखते हुए राज्य को केंद्र से विशेष सहायता दी जानी चाहिए। इस सहायता का अनुपात 90:10 होना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: राज्यसभा में बोले अमित शाह, घुसपैठियों को करेंगे देश के बाहर

यानी केंद्र की ओर से 90 फीसदी और राज्य की हिस्सेदारी 10 फीसदी होनी चाहिए। उन्होंने इस तटीय राज्य को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग करते हुए अनुरोध किया कि प्राकृतिक आपदा का प्रावधान विशेष राज्य के दर्जे के लिए जोड़ा जाना चाहिए। विभिन्न दलों के सदस्यों ने उनके इस मुद्दे से स्वयं को संबद्ध किया। बीजद की ही सरोजिनी हेम्ब्रम ने राज्य में पर्यटन से जुड़ा मुद्दा उठाया।उन्होंने कहा कि ओडिशा में पर्यटन संबंधी स्वदेश दर्शन योजना के तहत आध्यात्मिक सर्किट और ग्रामीण सर्किट योजना बनाई गई। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई ग्रामीण सर्किट योजना के लिए उन्होंने पर्यटन मंत्रालय से शीघ्र कोष जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इसके लिए 2015 से केंद्र सरकार से अनुरोध किया जा रहा है।

प्रमुख खबरें

Nathan Lyon ने मैक्ग्राथ को पछाड़ा, 564 विकेट्स के साथ बने ऑस्ट्रेलिया के दूसरे बड़े गेंदबाज

Hijab controversy: नीतीश कुमार की बढ़ाई गई सुरक्षा, सोशल मीड‍िया पर मिली थी धमकी

Republic Day 2026 के मेहमान पर भारत का बड़ा ऐलान, 27 देशों संग होगी 100 बिलियन की डील!

BJP का मिशन साउथ! 20 दिसंबर को नितिन नबीन का तमिलनाडु दौरा, 23 को जाएंगे पीयूष गोयल