By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
बीजू जनता दल (बीजद) ने शनिवार को कहा कि वह महिला आरक्षण से संबंधित परिसीमन विधेयक पर अपना रुख तय करने से पहले विस्तार से अध्ययन करेगा और इस पर अंतिम निर्णय पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक लेंगे। केंद्र सरकार संसद के निचले सदन लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में प्रत्येक राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेश की सीट के आवंटन में 50 प्रतिशत की वृद्धि कर महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण प्रदान करने के लिए सोमवार को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है। बीजद ने कहा कि संसद में औपचारिक रूप से विधेयक पेश किए जाने और उनके प्रावधानों की पड़ताल किए जाने से पहले वह किसी निर्णय पर पहुंचने में जल्दबाजी नहीं करेगा।
राज्यसभा में बीजद के पांच सदस्य हैं और लोकसभा में कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। बीजद के राज्यसभा संसदीय दल के नेता मानस मंगराज ने कहा कि पार्टी प्रस्तावित कानून की गहन समीक्षा करने के बाद सोच-समझकर निर्णय लेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमने हमेशा ओडिशा और यहां के लोगों के हितों को प्राथमिकता दी है और राज्य के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।’’ मंगराज ने कहा, ‘‘चूंकि लोकसभा में बीजद का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है, इसलिए विधेयकों के औपचारिक रूप से पेश होने और उनका विस्तार से अध्ययन किए जाने से पहले किसी फैसले में जल्दबाजी करने का कोई कारण नहीं है।
हमारा संसदीय दल प्रत्येक प्रावधान की सावधानीपूर्वक जांच करेगा और पार्टी अध्यक्ष के निर्देशों के अनुसार कार्य करेगा।’’