ओडिशा में 1.4 लाख करोड़ की Adani Data Center परियोजना का BJD ने किया विरोध

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026

विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने कटक में 1.4 लाख करोड़ रुपये की डेटा सेंटर परियोजना को ओडिशा सरकार द्वारा मंजूरी दिए जाने पर बुधवार को कड़ी आपत्ति जताई और आशंका जतायी कि इससे पानी की कमी हो सकती है। विधानसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए प्रतिपक्ष के उपनेता प्रसन्न आचार्य ने सरकार से अपने फैसले पर फिर से विचार करने और यह स्पष्ट करने का आग्रह किया कि इस परियोजना से राज्य के लोगों को क्या लाभ होगा। अदाणी समूह की प्रस्तावित एकीकृत डेटा सेंटर पार्क परियोजना कटक जिले में महानदी के तट पर नरज में स्थापित की जाएगी।

यह करीब 250 एकड़ में फैली होगी और इसकी क्षमता एक गीगावाट (जीडब्ल्यू) होगी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता वाले उच्चस्तरीय मंजूरी प्राधिकरण (एचएलसीए) ने सितंबर 2025 में इस परियोजना को मंजूरी दी थी। आचार्य ने दावा किया कि इस केंद्र को प्रतिदिन दो से चार करोड़ यूनिट बिजली और करीब तीन करोड़ लीटर पानी की जरूरत होगी।

इससे भुवनेश्वर, कटक और पुरी में पेयजल का गंभीर संकट पैदा हो सकता है। उन्होंने कहा, हम उद्योगों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन यह परियोजना राज्य के लिए खतरनाक है। इससे भुवनेश्वर और कटक के जुड़वां शहरों में पेयजल का गंभीर संकट पैदा होगा और पुरी जिले में भी समस्याएं होंगी।

मैं राज्य सरकार से लोगों के हित में अपने फैसले पर फिर से विचार करने और इस परियोजना को रद्द करने का अनुरोध करता हूं। बीजद के वरिष्ठ विधायक रानेंद्र प्रताप स्वैन ने भी इस परियोजना का विरोध किया और मुख्यमंत्री से इसकी व्यवहार्यता तथा पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने विधानसभा में इस मुद्दे पर अलग से चर्चा कराने का भी अनुरोध किया।

स्वैन ने कहा, राज्य सरकार ऐसी परियोजना का स्वागत कर रही है जिसे कई देशों और राज्यों ने खारिज कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना से केवल करीब 1,000 लोगों को रोजगार मिलेगा, जबकि इससे भुवनेश्वर, कटक और पुरी में पेयजल संसाधनों पर दबाव बढ़ेगा। स्वैन ने विकिरण के संभावित उत्सर्जन को लेकर भी चिंता जताई।

उन्होंने दावा किया कि इससे परियोजना स्थल के 25 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने सरकार से इस परियोजना को किसी ऐसे दूरदराज के इलाके में स्थानांतरित करने का आग्रह किया, जहां आबादी न हो।

प्रमुख खबरें

Rajasthan Zila Parishad चुनाव: Congress ने 24 जिलों में बनाए प्रमुख, BJP को 10 पर मिली जीत

पहली बार सारे नियम तोड़ भारत के राजदूत से मिले किम जोंग उन, सब हैरान!

गोद में बच्चा, संसद में भाषण, हिजाब पहने पहनी महिला दुनिया में वायरल

Durban Super Giants ने Lance Klusener को हटाया, Kane Williamson होंगे नए कोच