By अभिनय आकाश | Nov 25, 2026
ऑस्ट्रेलिया की राजनीति में इन दिनों एक नाम लगातार चर्चा में है। फातिमा पेमैन। अफगानिस्तान में जन्मी और शरणार्थी परिवार से आने वाली फातिमा कभी ऑस्ट्रेलिया की सत्तारूढ़ लेबर पार्टी का हिस्सा थी। लेकिन फिलिस्तीन के मुद्दे पर अपनी ही पार्टी से टकराव के बाद उन्होंने अलग राजनीतिक रास्ता चुन लिया। अब वो अपने बच्चे के साथ सार्वजनिक रूप से दिखाई देने को लेकर भी चर्चा में हैं। उनकी यह तस्वीर एक ऐसे राजनीतिक चेहरे की कहानी सामने लाती है जो प्रवासी पृष्ठभूमि, मुस्लिम पहचान, फिलिस्तीन के समर्थन और ऑस्ट्रेलिया की मुख्यधारा की राजनीति के बीच अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही हैं। 25 नवंबर 2026 को ऑस्ट्रेलिया की सेनेट में एक अलग नजारा देखने को मिला। फातिमा पेमैन अपनी छोटी बेटी आलिया को गोद में लेकर संसद की कार्यवाही में शामिल हुई। डिजिटल सेफ्टी से जुड़े कानून पर बहस के दौरान वह बेटी को गोद में लिए हुए ही अपनी बात रखती नजर आई। इस तस्वीर ने ऑस्ट्रेलिया में कामकाजी महिलाओं, मातृत्व और संसद में महिलाओं की भागीदारी को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।
फातिमा इस साल ऑस्ट्रेलियाई संसद में रहते हुए बच्चे को जन्म देने वाली वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की पहली सेनेटर बनी थी। यह सिर्फ एक मां के संसद पहुंचने की तस्वीर नहीं है बल्कि उस बहस से भी जुड़ी है कि क्या महिलाओं को मां बनने के बाद अपने राजनीतिक और पेशेवर जीवन से समझौता करना पड़ना चाहिए। बात फातिमा की राजनीतिक की करें तो फातिमा की सबसे बड़ी राजनीतिक पहचान फिलिस्तीन के समर्थन से बनी। 2024 में उन्होंने अपनी ही लेबर पार्टी के खिलाफ जाकर फिलिस्तीन को एक स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता देने के प्रस्ताव का समर्थन किया। पार्टी नेतृत्व से टकराव इतना बढ़ा कि जुलाई 2024 में उन्होंने लेबर पार्टी छोड़ दी। राजनीति में आने से पहले वह यूनाइटेड वर्कर्स यूनियन में काम कर चुकी हैं। उनकी प्राथमिकताओं में सस्ता आवास, बेहतर वेतन, महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और आम परिवारों के लिए आर्थिक अवसर शामिल हैं। वह कभी लेबर पार्टी का हिस्सा थी। अब पार्टी नेतृत्व के लिए वह असहज करने वाली राजनीतिक चुनौती हैं। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की सरकार के खिलाफ उनके आरोप और संसद में विरोधी रुख इसकी वजह है।
फिलिस्तीन के मुद्दे पर उनका रुख ग्रीस पार्टी के करीब दिखाई देता है। हालांकि वो ग्रींस की सदस्य नहीं है। यहां एक दिलचस्प राजनीतिक विरोधाभास है। पॉलीनह हैंसन की राजनीति प्रवासन और मुस्लिम समुदाय के मुद्दों पर फातिमा से बिल्कुल अलग रही है। इसके बावजूद सितंबर 2026 में दोनों ने सांसदों को अतिरिक्त स्टाफ देने और संसदीय व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर साथ अभियान चलाया। यह वैचारिक गठबंधन नहीं बल्कि एक मुद्दे पर साथ आना था। लेबर पार्टी छोड़ने के बाद अक्टूबर 2024 में फातिमा ने ऑस्ट्रेलियास वॉइस नाम से अपनी राजनीतिक पार्टी बनाई। उनका दावा है कि यह उन लोगों की आवाज बनेगी जो मुख्यधारा की पार्टियों में खुद को उपेक्षित महसूस करते हैं। फातिमा की बेटी को गोद में लेकर संसद में बोलने की तस्वीर के दो पहलू हैं। पहला ऑस्ट्रेलिया जैसे विकसित लोकतंत्र में भी महिलाओं को मातृत्व और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाना पड़ता है। संसद में बच्चे को साथ लाना इस व्यवस्था को अधिक समावेशी बनाने की बहस को आगे बढ़ाता है। दूसरा फातिमा खुद को केवल मुस्लिम या प्रवासी समुदाय की प्रतिनिधि के तौर पर पेश नहीं करना चाहती। वो महिलाओं, कामगारों, शरणार्थियों और आम परिवारों के मुद्दों को अपनी राजनीति का हिस्सा बना रही हैं।