बीजद के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सदस्य लडू किशोर स्वैन का निधन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 06, 2019

भुवनेश्वर। बीजू जनता दल के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सदस्य लडू किशोर स्वैन का लंबी बीमारी के बाद यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। स्वैन के परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। सूत्रों ने बताया कि ओडिशा के अस्का लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले बीजद नेता किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। मंगलवार रात उनका निधन हो गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और कई अन्य नेताओं ने स्वैन के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘ओडिशा के अस्का से लोकसभा सदस्य लडू किशोर स्वैन जी के निधन से दुखी हूं। समाज के प्रति उनके बहुमूल्य योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।’’ मोदी ने कहा, ‘‘ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनका काम उल्लेखनीय है। उनके बेटे नचिकेता से बात कर संवेदना व्यक्त की।

 

पटनायक ने अपने शोक संदेश में स्वैन को एक सक्षम सांसद बताया है जो राज्य विधानसभा के सदस्य भी रह चुके हैं। ओडिशा विधानसभा ने स्वैन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कुछ पल का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। स्वैन 2014 में अस्का लोकसभा क्षेत्र से बीजद उम्मीदवार के रूप में लोकसभा के लिए चुने गए थे। इससे पहले, वह 2004 में गंजाम जिले के कबीसुर्या नगर विधानसभा क्षेत्र से बीजद के टिकट पर राज्य विधानसभा के लिए निर्वाचित हुये थे।

 

प्रमुख खबरें

2019 रामलिंगम हत्याकांड, एनआईए ने 5 आरोपियों में से 2 को किया गिरफ्तार

Tejas Mk1A में देरी जारी, वायुसेना को पहली डिलीवरी 2026 तक मिलेगी

अमेरिकी संसद अचानक ऐसे घुसे मोदी-पुतिन, हिल गई दुनिया

Vanakkam Poorvottar: Arunachal Pradesh में अवैध मस्जिदें हटाने और घुसपैठियों को खदेड़ने की मांग को लेकर 12 घंटे का बंद