भाजपा ने राहुल गांधी पर एके 47 संबंधी झूठा दावा कर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 27, 2026

नयी दिल्ली, 27 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि बिहार में प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ एके-47 राइफलों का इस्तेमाल किया गया। भाजपा ने मांग की है कि राहुल गांधी ‘‘झूठी बातें और गलत जानकारी’’ फैलाने के लिए माफी मांगें।

लोकसभा सदस्य संबित पात्रा ने कहा कि यह ‘‘बहुत शर्म की बात’’ है कि विपक्ष के नेता ने ‘‘इतना गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार’’ दिखाया है। पात्रा ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा, ‘‘उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया और छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा एके-47 के इस्तेमाल की बात कही, लेकिन यह अत्यंत निंदनीय है कि भारत में विपक्ष के नेता के पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा ऐसी गलत बातें फैलाई जा रही हैं।’’ गांधी से माफी की मांग करते हुए पात्रा ने कहा, ‘‘वह झूठी बातें फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। एके-47 -- मैं राहुल गांधी द्वारा इस्तेमाल किए गए इस शब्द पर जोर दे रहा हूं।

क्या इस देश में पुलिस कभी प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने के लिए एके-47 का इस्तेमाल करती है? क्या ऐसा कभी हुआ है?’’ उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी कैसे कह सकते हैं कि एके-47 का इस्तेमाल किया गया है? यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है, और हमारा दृढ़ विश्वास है कि राहुल गांधी को ऐसी झूठी बातें और गलत जानकारी फैलाने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।’’ केंद्रीय मंत्रियों जे पी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ बातचीत के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा उनका विरोध प्रदर्शन वापस लिए जाने का जिक्र करते हुए, पात्रा ने आरोप लगाया कि गांधी अब देश में घबराहट और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी ने देखा कि कैसे कॉजपा ने खुद विरोध प्रदर्शन वापस ले लिया। जे पी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ बातचीत हुई, जिसके बाद घोषणा की गई कि जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन समाप्त हो गया है।’’ पात्रा ने कहा, ‘‘इस तरह का प्रचार करके और गलत जानकारी फैलाकर, राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पूरे देश में घबराहट, अव्यवस्था और अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं। यह बेहद आपत्तिजनक है।’’ पात्रा ने लोगों से अपील की कि वे गांधी के बयान को गंभीरता से न लें और इसके बजाय ‘‘सच सामने लाएं ताकि देश में अराजकता न फैले’’।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं राहुल गांधी से यह भी कहूंगा कि उन्हें जिम्मेदार नेता प्रतिपक्ष की तरह व्यवहार करना चाहिए और ऐसे गुमराह करने वाले दावे फैलाने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।’’ पात्रा ने आरोप लगाया, ‘‘स्वाभाविक रूप से, राहुल गांधी का मकसद (मुद्दों को) सुलझाना नहीं है। हंगामा खड़ा करने की कोशिश करना, बनावटी गुस्सा पैदा करने की कोशिश करना, विरोध प्रदर्शन खड़ा करने की कोशिश करना और सबसे बढ़कर अराजकता फैलाने की कोशिश करना ही राहुल गांधी और विपक्ष के नेता का एकमात्र मकसद है।

प्रमुख खबरें

Asiatic Society of Mumbai में Amit Shah का बड़ा बयान, ज्ञान को Ideology की सीमाओं से मुक्त करने का आह्वान

Nepal Flood Relief: भारत ने बेत्रावती क्षेत्र के लिए 70 मीटर लंबे Bailey Bridge के हिस्से भेजे

Pahalgam Attack पर BRICS की निंदा: Ravinder Raina बोले- Terrorism के खिलाफ दुनिया की बड़ी ताकतों का एकजुट संकल्प

BRICS Summit 2026: PM Modi की सफल Foreign Policy पर बोले Ravi Shankar Prasad