By अभिनय आकाश | Mar 31, 2023
गुजरात विश्वविद्यालय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री का विवरण प्रकट करने का निर्देश देने वाले एक आदेश को आज राज्य उच्च न्यायालय ने रद्द कर दिया। अब इसको लेकर बीजेपी की तरफ से आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा गया है। बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के ऊपर सख्त टिप्पणी करते हुए 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। ये अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के लिए कोई नई बात नहीं है, पहले भी ऐसा हुआ था। आज से पहले भी कई बड़े लोगों के ऊपर, राजनीतिक लोगों के ऊपर अरविंद केजरीवाल ने इसी प्रकार की टिप्पणियां की थी। बाद में हाथ जोड़कर माफी मांगनी पड़ी थी।
संबित पात्रा ने कहा कि हमने अरुण जेटली जी का विषय देखा है। नितिन गडकरी जी से अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर, कान पकड़कर माफी मांगनी पड़ी थी। आज फिर से वही इतिहास दोहरा रहे हैं। अरविंद केजरीवाल पर कोर्ट ने फाइन लगाया है। ये तरीका अरविंद केजरीवाल के बौखलाहट को दर्शाता है। पात्रा ने कहा कि जब उनके मंत्री कमीशन खोरी और शराब घोटाले के चक्कर में जेल की सलाखों के पीछे हैं। उन्हें बेल नहीं मिल रहा है। इस वजह से ये बौखलाहट उनके चेहरे पर दिख रहा है।
बता दें कि गुजरात हाईकोर्ट ने केंद्रीय सूचना आयोग के सात साल पुराने उस ऑर्डर को शुक्रवार को रद्द कर दिया। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि जानकारी की आवश्यकता नहीं है। गुजरात उच्च न्यायालय ने इन विवरणों के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर 25,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। केजरीवाल को चार सप्ताह के भीतर गुजरात राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण के पास पैसा जमा करना होगा।