By अभिनय आकाश | Jan 23, 2025
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि झारखंड की आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उनके सीए के पास से 16 करोड़ रुपये बरामद हुए थे। पीएमएलए अधिकारियों ने उनके पास से 36 करोड़ रुपये नकद भी बरामद किए थे। पिछले 28 महीने से जेल में हैं। दिसंबर में उन्हें जमानत मिल गई और 21 जनवरी को उनका निलंबन वापस ले लिया गया और उन्हें बहाल कर दिया गया। एक आईएएस अधिकारी जिसके खिलाफ मुकदमा चल रहा है और पीएमएलए कोर्ट ने मामला दर्ज किया है, करोड़ों रुपये बरामद किए गए , जैसे ही उसे बहाल किया गया है जेल से बाहर आ गए।
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार और राजविभाग द्वारा मंगलवार शाम को जारी एक अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘निलंबन समीक्षा समिति द्वारा उचित विचार-विमर्श के बाद की गई सिफारिशों के आलोक में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी पूजा सिंघल को जमानत पर रिहा होने के बाद सात दिसंबर 2024 से सेवा में बहाल कर दिया गया है।’’ अधिसूचना के अनुसार सिंघल कार्मिक, प्रशासनिक सुधार और राजविभाग में सेवाएं देंगी। ईडी ने राज्य के खान विभाग में पूर्व सचिव सिंघल पर धन शोधन का आरोप लगाया था। एक विशेष अदालत ने पिछले साल सात दिसंबर को उन्हें जमानत दे दी थी।