BJP अध्यक्ष नितिन नवीन Bihar और Bengal में निकालेंगे पदयात्रा, INDIA गठबंधन के आरोपों पर पलटवार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026

नयी दिल्ली, दो नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को बिहार और पश्चिम बंगाल में पार्टी द्वारा आयोजित मार्च का नेतृत्व करेंगे। यह मार्च हाल में शुरू किए गए पार्टी के देशव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का हिस्सा है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन के आरोपों के जवाब में शुरू किया गया है।

विपक्षी गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए रामलीला मैदान में एक रैली को संबोधित किया। उन्होंने चुनाव में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची में बदलाव का मुद्दा उठाया और दावा किया कि भाजपा ने केंद्र और राज्यों में ‘‘चुराए गए’’ जनादेश के दम पर सरकारें बनाई हैं। भाजपा ने एक बयान में कहा कि विपक्ष के ‘‘झूठ और अराजकता’’ के खिलाफ सोमवार को बिहार और पश्चिम बंगाल में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली जाएगी जिसका नेतृत्व नवीन करेंगे।

पार्टी ने कहा, ‘‘विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही गलत सूचनाओं, दुष्प्रचार और सुनियोजित अराजकता के खिलाफ भाजपा के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सोमवार को बिहार और पश्चिम बंगाल में दो बड़ी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्राएं’ निकाली जाएंगी जिनका नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे।’’ भाजपा के अनुसार नवीन की पहली पदयात्रा बिहार के भागलपुर में लाजपत पार्क से पूर्वाह्न लगभग 11 बजे शुरू होगी और दोपहर 12:30 बजे सेवा ज्योति चौक पर समाप्त होगी। पार्टी ने बताया, ‘‘इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पश्चिम बंगाल के कोलकाता जाएंगे जहां अपराह्न तीन बजे कॉलेज स्ट्रीट से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा’ शुरू होगी। यह पदयात्रा शाम साढ़े पांच बजे धर्मतल्ला में समाप्त होगी।’’ पार्टी ने कहा, ‘‘भागलपुर और कोलकाता में आयोजित की जा रही इन पदयात्राओं में पार्टी के वरिष्ठ नेता, भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष, हजारों समर्पित कार्यकर्ता और आम लोग हिस्सा लेंगे।’’ भाजपा ने कहा कि पार्टी का यह अभियान ‘‘हताश और निराश विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ, छल, साजिशों और अराजकता के खिलाफ एक आंदोलन’’ है।

पार्टी ने कहा, ‘‘‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के संकल्प के साथ भाजपा का हर कार्यकर्ता विपक्ष के झूठे और मनगढ़ंत दावों को उजागर करने तथा लोगों को सच्चाई से अवगत कराने के लिए गांवों और घरों तक पहुंच रहा है।’’ नवीन ने रविवार को हरियाणा के रोहतक जिले में पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व किया और 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी पर राष्ट्रीय राजधानी में ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘चलो दिल्ली’ रैली आयोजित करने के लिए कांग्रेस की आलोचना की। नवीन ने रोहतक में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी को सिख भाइयों के खिलाफ किए गए कृत्यों के लिए प्रायश्चित करना चाहिए था और माफी मांगनी चाहिए थी। 1984 में आज के ही दिन नरसंहार और हत्याएं हुई थीं।

इसके बजाय आज वे प्रदर्शन करने निकल पड़े हैं।’’ नवीन ने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक के चुनाव में जीत को पार्टी ने ‘लोकतंत्र की जीत’ बताया था लेकिन हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में हारने के बाद वह ‘लोकतंत्र खतरे में है’ का आरोप लगाने लगी। उन्होंने गांधी पर ‘‘विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने’’ का आरोप भी लगाते हुए कहा, ‘‘यह कैसा दोहरा मापदंड और पाखंड है? इससे एक बात स्पष्ट है कि वे लोकतंत्र को गांधी परिवार के निर्देशों के अनुसार चलाना चाहते हैं लेकिन लोकतंत्र देश के संविधान के अनुसार चलेगा।’’

प्रमुख खबरें

विदेशी बाजारों में Dollar की बढ़ती मांग से Rupee 21 पैसे फिसला

Reliance Industries में उछाल से Sensex 764 अंक मजबूत, Nifty भी चढ़ा

Congress का BJP पर पलटवार, Delhi में रैली से कारोबार ठप होने का दावा निकला गलत

कुशीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: ओमनी वैन और ट्रेलर ट्रक की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के 5 सदस्यों समेत 6 की मौत