UPA राज में पूर्वोत्तर था अशांत, शाह बोले- हम जड़ से उग्रवाद को करेंगे समाप्त

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 05, 2019

बोरदुमसा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्र में पार्टी के फिर से सत्ता में आने का भरोसा जताते हुए शुक्रवार को कहा कि वह मोदी सरकार थी जो पूर्वोत्तर में शांति एवं विकास लायी जहां पांच वर्ष पहले तकउग्रवादी गतिविधियां चरम पर थीं। शाह ने यहां चांगलांग जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सीमापार से आतंकवाद और क्षेत्र में उग्रवाद के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद अरुणाचल प्रदेश में राजनीतिक स्थिरता कायम हुई। भाजपा अध्यक्ष ने अरुणाचल प्रदेश के लोगों को देशभक्त बताते हुए कहा कि यह हिमालयी राज्य 1962 में चीन के हमले के खिलाफ खड़ा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु ने तब एक बयान में असम के लिए अपनी लाचारी जतायी थी।

इसे भी पढ़ें: आडवाणी के ब्लॉग पर बोले सुरजेवाला, मोदी और शाह का अहंकारी चरित्र हुआ बेनकाब

उन्होंने दावा किया कि यहां तक कि पांच वर्ष पहले तक पूर्वोत्तर क्षेत्र अशांत था, अन्य बाधाओं के अलावा उग्रवादी गतिविधियों के चलते मुश्किल से कोई विकास कार्य होता था। भाजपा क्षेत्र में शांति ले कर आयी और उसके विकास का मार्ग प्रशस्त किया। शाह ने कहा कि मोदी ने अपने मंत्रियों को हर पखवाड़े पूर्वोत्तर राज्यों का दौरा करने और क्षेत्र की समस्याएं हल करने के निर्देश दे रखे हैं। उन्होंने कहा कि अब पूर्वोत्तर के सभी हिस्सों में वायु तथा रेल संपर्क है। अकेले अरुणाचल प्रदेश में सरकार ने सड़कों के विकास के लिए 50,000 करोड़ रुपयं मंजूर किये हैं।

उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के लिए राजग सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य पूर्वोत्तर में पहला राज्य था जिसके दो शहर ईटानगर और पासीघाट ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ के तहत स्मार्ट शहरों की सूची में शामिल हुए। इसके अलावा उड़ान योजना के तहत पासीघाट और तेजू तक वायुसेवाएं मिलीं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके शासन में विकास कार्य रुक गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के दौरान आतंकवाद और भ्रष्टाचार को देश से उखाड़ फेंकने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। शाह ने आरोप लगाया कि मोदीजी ने पुलवामा हमले के बाद आतंकवादी शिविरों के खिलाफ हवाई हमले का आदेश देकर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादी समूहों के खिलाफ कार्रवाई की तो पाकिस्तान और राहुल गांधी के चेहरे पर उदासी छा गई।

इसे भी पढ़ें: भाजपा नीत सरकार में नाकाबंदी मुक्त बना मणिपुर: अमित शाह

शाह ने कहा कि मोरारजी देसाई आखिरी प्रधानमंत्री थे जो पूर्वोत्तर परिषद की बैठकों में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि 40 साल बाद मोदी शिलॉन्ग में सम्मेलन में शामिल हुए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश से लेकर कन्याकुमारी, असम से लेकर गुजरात तक भाजपा हर जगह सरकार बनाएगी। पार्टी की जीत का सिलसिला इस राज्य में शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है कि जब भाजपा अरुणाचल प्रदेश में सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। हमारी जीत का सिलसिला इस क्षेत्र में शुरू हो गया है जब हमारी पार्टी के तीन विधायक निर्विरोध चुने गए।

राज्य में पार्टी के तीन उम्मीदवार आलो पूर्व, याचुली और दिरांग विधानसभा सीटों पर निर्विरोध चुन लिए गए हैं। शाह ने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू की राज्य में विकास के लिए उनके प्रयासों के लिए प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने राज्य के अधिक से अधिक संख्या में लोगों तक पहुंच बनाने के लिए लगभग सभी जिलों में ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि ऐसा राजग सरकार के चलते हुआ कि अरुणाचल प्रदेश को उसका पहला मेडिकल कालेज मिला जबकि राज्य में मोबाइल सम्पर्क लाने की परियोजना पर काम तेज गति से चल रहा है। अरुणाचल प्रदेश में 11 अप्रैल को विधानसभा और लोकसभा चुनाव एकसाथ होंगे।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

Wall Street पर फिर छंटनी की मार, Morgan Stanley ने 2,500 Employees को दिखाया बाहर का रास्ता

Iran Crisis का असर: Morbi Ceramic उद्योग पर लटकेंगे ताले? Gas Supply ठप होने से मचा हड़कंप।

T20 World Cup 2026 के फाइनल में पहुंचा भारत, अहमदाबाद में न्यूजीलैंड से खिताबी भिड़ंत

दिल्ली में कई दिनों तक फंसी रही Zimbabwe क्रिकेट टीम, ICC ने कराई सुरक्षित वतन वापसी