Jammu में आग प्रभावित व्यापारियों को तत्काल मुआवजा दे प्रशासन, BJP ने उठाई मांग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

जम्मू, नौ नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने जम्मू रेलवे स्टेशन के पास शिव मार्केट और नेहरू मार्केट के गोदाम क्षेत्र में आग लगने की घटनाओं से प्रभावित व्यापारियों, दुकानदारों और अन्य लोगों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। आग लगने की इन दोनों घटनाओं में बड़े पैमाने पर हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए भाजपा प्रवक्ता परिमोक्ष सेठ ने सोमवार को कहा कि प्रभावित व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और उनके कारोबार पर निर्भर कई परिवारों के सामने अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, जम्मू-कश्मीर सरकार को तत्काल नुकसान का आकलन करना चाहिए और प्रभावित व्यापारियों को बिना किसी देरी के पर्याप्त आर्थिक मुआवजा देना चाहिए।

सेठ ने कहा कि 25 अक्टूबर को शिव मार्केट में लगी भीषण आग में करीब 40 दुकानें जलकर खाक हो गई थीं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनके मंत्रियों ने प्रभावित इलाके का दौरा किया था, लेकिन अब तक मुआवजे की घोषणा नहीं की गई है। इससे प्रभावित व्यापारियों को कोई राहत नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि बीती रात गोदाम क्षेत्र में लगी आग से भी कारोबारी समुदाय को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री केवल घटनास्थल का दौरा करने के बजाय तत्काल मुआवजे की घोषणा करें। सेठ ने प्रभावित दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संपत्तियों का सर्वेक्षण करने के लिए एक विशेष आकलन दल गठित करने की भी मांग की।

उन्होंने व्यापारियों को अपना कारोबार फिर से शुरू करने में मदद के लिए तत्काल अंतरिम राहत जारी करने का आग्रह किया। ऐसी घटनाओं को रोकने की जरूरत पर बल देते हुए भाजपा नेता ने वाणिज्यिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। इसमें पर्याप्त अग्निशमन सुविधाएं, आपातकालीन वाहनों के लिए सुलभ रास्ते, चालू अग्निशमन हाइड्रेंट और नियमित सुरक्षा निरीक्षण शामिल हैं।

उन्होंने प्रशासन से अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर खामियों की पहचान करने और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने का भी आग्रह किया।

प्रमुख खबरें

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर Pushkar Singh Dhami ने की 13 बड़ी घोषणाएं

2 दिन हैं तुम्हारे पास, याद रख लो...चुनाव में पिटे ट्रंप को ईरान की आखिरी वॉर्निंग

Pakistan-China का हजारों करोड़ का हाइड्रोपॉवर प्रोजेक्ट स्वाहा, जानें वजह

पूर्व BJD सांसद Nekkanti Bhaskar Rao ने Rayagada अदालत में किया आत्मसमर्पण, 14 दिन की न्यायिक हिरासत