By अंकित सिंह | Dec 25, 2024
आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने आज (25 दिसंबर) दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए परवेश वर्मा को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की योजना बना रही है। केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट किया कि सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी प्रवेश वर्मा को अपना सीएम चेहरा घोषित करने जा रही है। क्या दिल्ली की जनता ऐसे व्यक्ति को अपना सीएम बनाना चाहेगी?
उन्होंने पोस्ट में लिखा कि ये कह रहा है कि उसके घर से कोई महिला खाली हाथ नहीं जाएगी। आज से पूरी दिल्ली की महिलाएं उसके घर जाकर पैसे ले आयें। उन्होंने कहा कि ये लोग चुनाव नहीं लड़ते, बस बेईमानी करते हैं। इस बार दिल्ली के चुनाव में इनकी एक एक करतूत देश के सामने आएगी। पूरे देश के सामने ये लोग बेनकाब होंगे। एक और पोस्ट में उन्होंने लिखा कि मैं अभी अपनी नई दिल्ली विधान सभा क्षेत्र के कई इलाकों से आ रहा हूँ। हर जगह लोगों ने बताया कि ये लोग खुले आम वोट ख़रीद रहे हैं। एक वोट के 1100 दे रहे हैं। लोगों ने कहा कि लोग इनसे पैसे ले लेंगे लेकिन इन्हें वोट नहीं देंगे।