भाजपा सत्ता नहीं, सेवा के लिए सरकार में: पीएम मोदी बोले-विकास और विरासत मंत्र से बढ़ेंगे आगे

By अंकित सिंह | Sep 29, 2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर दिल्ली भाजपा के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नवरात्र के इन पावन दिनों में आज दिल्ली भाजपा को अपना नया कार्यालय मिला है। ये नए सपनों और नए संकल्पों से भरा पल है। मैं दिल्ली भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत बहुत बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना को 45 वर्ष हो चुके हैं। अटल जी, आडवाणी जी, नाना जी देशमुख, राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी, मुरली मनोहर जोशी जी... ऐसे अनेक व्यक्तित्वों के आशीर्वाद और परिश्रम से ये पार्टी आगे बढ़ी है।

मोदी ने कहा कि दिल्ली और बीजेपी का संबंध सिर्फ एक शहर और पार्टी का नहीं है। ये संबंध सेवा, संस्कार और सुख-दुख की साथी होने का है। पहले जनसंघ के रूप में और फिर भाजपा के रूप में... हमारी पार्टी दिल्ली के दिल से, दिल्ली के हितों से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि कई वर्षों के अंतराल के बाद, अब दिल्ली में भाजपा की सरकार है। दिल्ली की जनता ने अपने बेहतर भविष्य के सपने और उम्मीदें भाजपा में लगाई हैं। इसलिए, नए प्रदेश कार्यालय में बैठे हर जनप्रतिनिधि की बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी है। दिल्ली भाजपा, हमारी सरकार, दिल्ली की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए जी-जान से जुटी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों के लिए नए घर बनाना, दिल्ली के सैकड़ों सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को बेहतर बनाना, दिल्ली में सैकड़ों इलेक्ट्रिक बसें चलाना, यमुना नदी की सफाई के लिए दिन-रात काम करना, यमुना नदी के किनारे और शहर के अन्य हिस्सों में आलीशान रहने की जगहें बनाना... जब दिल्ली भाजपा सरकार और दिल्ली भाजपा कार्यालय इसी तरह कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे, तो हम एक विकसित भारत और एक विकसित दिल्ली के सपने को और तेज़ी से पूरा कर पाएँगे।

इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी के खिलाफ बयान देने के लिए भाजपा नेता पर मामला दर्ज

नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा-एनडीए सरकारों ने देश को सुशासन का एक नया मॉडल दिया है। हम विकास और विरासत के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हमने देश और देशवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। हमने देश को बड़े-बड़े घोटालों से मुक्त कराया है... हमारी सरकारों का ध्यान डिलीवरी पर है, और आम आदमी की बचत बढ़ाने पर भी। उन्होंने कहा कि हमारे लिए कोई भी भाजपा कार्यालय किसी देवालय से, किसी मंदिर से कम नहीं है। कोई भी भाजपा कार्यालय सिर्फ इमारतें नहीं है, ये मजबूत कड़ियां हैं, जो पार्टी को जमीन से, जन-अपेक्षाओं से जोड़े रखती है। भाजपा सत्ता के लिए नहीं, सेवा के लिए सरकार में है। ये कार्यालय इसी चेतना को जागृत रखते हैं।

प्रमुख खबरें

Commonwealth Fencing Championship: लागोस में Team India का दबदबा, तीसरे दिन 3 Gold समेत जीते 5 पदक

England Test Captain Joe Root ने खिलाड़ियों पर से हटाया Night Curfew, कहा- अपनी Responsibility खुद समझें Team Members

India vs Sri Lanka Test: Washington Sundar के बाहर होने से Team India की बढ़ी मुश्किलें, लगा बड़ा झटका

TTFI Suspension: खेल मंत्रालय की बड़ी कार्रवाई, आंतरिक विवादों के कारण Table Tennis Federation की मान्यता निलंबित