यूपी की पिछली सरकारों ने पैसा कब्रिस्तान पर खर्च किया, भाजपा इससे मंदिरों का उन्नयन कर रही: योगी आदित्यनाथ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 04, 2021

अयोध्या (उप्र)। उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि पहले प्रदेश का पैसा कब्रिस्तान के लिए जमीन खरीदने में उपयोग किया जाता था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के शासन के तहत मंदिरों के उन्नयन के लिए उस पैसे का उपयोग किया जा रहा है। दीपोत्सव समारोह के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राम कथा पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभार्थियों को अगले साल होली तक मुफ्त राशन मिलना जारी रहने की घोषणा की।

इसे भी पढ़ें: केंद्र के बाद उत्तर प्रदेश ने पेट्रोल और डीजल पर वैट में सात और दो रूपये की कमी की

उन्होंने 661 करोड़ रुपये की लागत वाली 50 विभिन्न परियोजनाओं की भी शुरुआत की। उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पहले प्रदेश का पैसा कब्रिस्तान की चहारदीवारी पर खर्च होता था, आज मंदिरों के पुनर्निमाण पर खर्च हो रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यही अंतर है सोच का। जिन्हें कब्रिस्तान प्यारा था, वो जनता का पैसा वहीं लगाते थे, जिनको धर्म और संस्कृति प्यारी है, वो उनके उत्थान, उन्नयन के लिए उस पैसे का उपयोग कर रहे हैं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण जारी है और उत्तर प्रदेश में 500 मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों के उन्नयन के लिए केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इनमें से 300 से अधिक स्थलों का कार्य पूरा हो चुका है और बाकी जगहों का काम अगले दो महीने में पूरा किया जाएगा। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए आदित्यनाथ ने राज्य की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा और कहा कि 30 साल पहले श्री राम का नारा लगाना अपराध माना जाता था। उन्होंने अयोध्या में कार सेवकों पर गोलीबारी का संभवत: संदर्भ देते हुए कहा, ‘‘जो लोग आप पर 30 साल पहले गोली चलवाते थे वे आज आपकी ताकत के आगे शीश झुका रहे हैं।’’

आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘दुनिया की कोई भी ताकत (राम)मंदिर के निर्माण को नहीं रोक सकती और यह 2023 तक पूरा हो जाएगा।’’ सूर्यास्त के बाद, अयोध्या नगरी 12 लाख दीयों के प्रकाश से जगमग हो गई। इन 12 लाख दीयों में नौ लाख दीये सरयू नदी के तट पर जलाये गये।

प्रमुख खबरें

TMC विधायक Kunal Ghosh ने कोलकाता में विरोधी गुट के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भाग लिया

IAS D Sajith Babu बने केरल के नए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, ECI ने नाम को दी मंजूरी

Ankita Bhandari के परिजनों से मिले Rahul Gandhi, BJP पर लगाया अपराधियों को बचाने का आरोप

Karnataka मुठभेड़ में 3 संदिग्ध शिकारी ढेर, CM ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश