प्रदेश अध्यक्ष ने कहा-सबको साथ लेकर काम कर रही भाजपा सरकार, गुमराह कर रही कांग्रेस

By दिनेश शुक्ल | May 13, 2021

भोपाल। हमारे संवेदनशील मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार पूरे कोरोना संकट के दौरान पीड़ित, दुखी, परेशान और लाचार लोगों की चिंता करती रही है। सरकार समाज को साथ लेकर जिस तरह से काम कर रही है, उसके अच्छे परिणाम भी दिखाई देने लगे हैं। लेकिन आज मुख्यमंत्री जी ने जो घोषणा की है, वैसी घोषणा कोई बड़े दिल वाला और जनता के दुःख को महसूस करने वाला जननेता ही कर सकता है। कोरोना संकट में बेसहारा हुए परिवारों को सहारा देने के संबंध में मुख्यमंत्री जी ने जो घोषणा की है, उससे पीड़ित परिवारों की मुश्किलों को कम करने और नया जीवन शुरू करने में मदद मिलेगी। मैं इस घोषणा के लिए और कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई से पूरे समाज को जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री जी का अभिनंदन करता हूं, आभार जताता हूं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कही। 

भाजपा अध्यक्ष शर्मा ने कोरोना काल में दिवंगत पत्रकारों और नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कोरोना की त्रासदी ने कई बच्चों के सिर से माता-पिता का साया छीन लिया है, तो कई बुजुर्गों से उनके बुढ़ापे की लाठी छीन ली है। बहुत से परिवारों में अब कमाने वाला कोई नहीं बचा। कई घर ऐसे भी हैं, जिनमें अब सिर्फ बुजुर्ग माता-पिता और बच्चे ही रह गए हैं। हमारे संवेदनशील मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में राज्य मंत्रिमंडल ने ऐसे परिवारों को पांच हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन, मुफ्त राशन तथा निःशुल्क शिक्षा आदि की जो घोषणा की है, वह निश्चित रूप से इन परिवारों के जीवन में आशा का संचार करेगी, उन्हें नया जीवन शुरू करने का उत्साह देगी। शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने प्रदेश को बेसहारा परिवारों के लिए इस तरह की व्यवस्था करने वाला देश का पहला राज्य बना दिया है।

इसे भी पढ़ें: बिना अनुमति बेटे का विवाह करने पर पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज

सबको साथ लेकर चल रही भाजपा सरकार

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना महामारी के खिलाफ इस लड़ाई में मध्यप्रदेश की सरकार दिन रात काम कर रही है और सरकार के साथ पार्टी संगठन भी पूरे समन्वय के साथ काम कर रहा है। हमारे कार्यकर्ता कहीं कोविड केयर सेंटर बना रहे हैं, तो कहीं लोगों को भोजन और दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर चलती है और कोरोना के खिलाफ यह लड़ाई भी इससे अछूती नहीं है। हमारी सरकार ने महामारी के खिलाफ लड़ाई में समाज को भी साथ लिया है। सरकार ने हर स्तर पर जो क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप बनाए हैं, उनका सदस्य कोई भी व्यक्ति, किसी भी राजनीतिक दल का कार्यकर्ता हो सकता है। सरकार की इस सोच के चलते अब कार्यकर्ताओं के साथ आमजन भी कोरोना के खिलाफ लड़ाई में आगे आ रहे हैं और गांवों में स्वेच्छा कर्फ्यू लगाने से लेकर वेक्सीनेशन के लिए लोगों को प्रेरित करने तक के काम कर रहे हैं। समाज के इसी सहयोग का परिणाम है कि मध्य प्रदेश सबसे संक्रमित राज्यों की सूची में चौथे स्थान से अब 14 वें स्थान पर आ गया है और राज्य में पॉजिटिविटी रेट भी घटकर 12.72 प्रतिशत पर आ गया है। शर्मा ने कहा कि इन समन्वित प्रयासों के लिए मैं प्रदेश सरकार और प्रदेश के नागरिकों को धन्यवाद देता हूं, आभार प्रकट करता हूं। 

इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में तैयार होंगे देश के पहले म्यूकोरमाइकोसिस यूनिट

संकट के समय में भी भ्रम फैला रही कांग्रेस

शर्मा ने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि समस्या के समाधान के लिए प्रयास करने का है। ऐसे समय में जबकि हम सभी को मानवीयता की रक्षा के लिए जुट जाना चाहिए, कांग्रेस के लोग अभी भी भ्रम फैलाकर लोगों को डराने, गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। शर्मा ने कहा कि पहले कांग्रेस ने वेक्सीन के बारे में भ्रम फैलाया, लेकिन हमारे युवाओं ने कांग्रेस की इन कोशिशों को असफल कर दिया, जिसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की इन हरकतों से दुखी होकर ही हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष  नड्डा जी सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखने पर विवश हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कमलनाथ जी जो स्वयं प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं, कहते हैं पन्ना की एक नदी में 6 लाशें मिलीं। जबकि वास्तव में नदी में सिर्फ दो लाशें पाई गईं। जांच में पता चला कि ये लाशें भी उन व्यक्तियों की थीं, जिन्हें किसी विशेष बीमारी से मौत होने के कारण स्थानीय परंपरा के अनुसार जल में प्रवाहित किया गया था।

इसे भी पढ़ें: पर्यावरण की शुद्धि ही कोरोना से मुक्ति का माध्यम-सुश्री उषा ठाकुर

उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी ने सिर्फ राजनीतिक वजूद बचाने के लिए जिस तरह से प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है, उसके लिए उन्हें प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।  शर्मा ने कहा कि विदिशा के कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव अपने मोबाइल से एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करते हैं और उसे विदिशा का बताते हैं। लेकिन गौर से देखने पर वह वीडियो किसी और जगह का पाया जाता है। उन्होंने कहा कि ये वो लोग हैं, जिन्होंने पूरे संकट में एक बेसहारा व्यक्ति को भोजन नहीं कराया, कभी कोविड केयर सेंटर देखने नहीं गए, बस लोगों को गुमराह करके अपनी राजनीति चलाना चाहते हैं। लेकिन प्रदेश की जनता इनसे ऐसी हरकतों का जवाब मांगेगी।

प्रमुख खबरें

पांचवें T20I में New Zealand के खिलाफ भारत ने बनाए 8 विकेट पर 191 रन

चेन्नई ओपन WTA 250: 14 वर्षीय Jensi Kanabar ने वरीयता प्राप्त खिलाड़ी को दी कड़ी टक्कर

कनॉट प्लेस की दुकानें जबरन बंद कराईं, Rahul Gandhi ने वीडियो जारी कर BJP पर लगाए आरोप

Cyclone Murasu बंगाल की खाड़ी में बना, IMD ने Andhra Pradesh तट से टकराने की चेतावनी दी