By एकता | Nov 01, 2026
दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की 'वोट बचाओ-देश बचाओ' महारैली के बीच नया राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर कनॉट प्लेस की दुकानें जबरन बंद कराने का आरोप लगाया है।
रैली और मार्च में शामिल होने के लिए कनॉट प्लेस पहुंचे राहुल गांधी ने वीडियो जारी कर कहा, "हमने सब लोगों से कहा कि जब आप मार्च और महारैली के लिए यहां आएंगे, चीजें खरीदें, खरीदारी करें। मगर, यहां कनॉट प्लेस में आते हुए हमें पता लगा कि बीजेपी ने सारी की सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दीं, फोर्सिबली बंद करवाई। तो ट्रेडर्स का नुकसान कौन कर रहा है, कैसे हो रहा है, यह आप जान लीजिए।" राहुल गांधी ने इस स्थिति के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया और व्यापारियों के नुकसान को लेकर सवाल उठाए।
इससे पहले शनिवार देर रात राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी किया था। इसमें उन्होंने देशभर से दिल्ली आ रहे समर्थकों से त्योहारों के मौसम में स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों से खरीदारी करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि बीजेपी यह अफवाह फैला रही है कि विपक्ष की रैली से व्यापारियों को नुकसान होगा।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा था, "प्रोटेस्ट और मार्च कीजिए, साथ ही थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए, जिससे छोटे दुकानदारों और व्यापारियों का फायदा हो। व्यापारी वर्ग को रैली से कोई नुकसान नहीं होगा, बीजेपी डरी हुई है इसलिए अफवाहें फैला रही है।"
रविवार को विपक्षी गठबंधन का मार्च मिंटो रोड और कनॉट प्लेस चौराहे की तरफ बढ़ा। इस दौरान वहां दुकानें बंद मिलीं। राहुल गांधी ने इसी स्थिति का वीडियो साझा करते हुए बीजेपी पर दुकानें जबरन बंद कराने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर व्यापारियों का नुकसान किसकी वजह से हो रहा है।