By मृत्युंजय दीक्षित | Nov 19, 2026
मथुरा सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में अहम मंथन बैठक करने के बाद, भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 80 बनाम 20 के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए आक्रामक मेगा प्लान तैयार किया है। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनाने के संकल्प तथा यूजीसी, मतदाता सूची की कमियों और टिकट वितरण पर गहन चर्चा के बाद पार्टी आगे की रणनीति बना चुकी है। अगले माह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह तथा भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के संगठन व कार्यकर्ता सर्वोपरि के मंत्र के साथ पार्टी प्रदेश की राजनीति में अपने को अंगद के पांव की तरह जमाने के लिए मैदान में उतरने जा रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र परखम में आयोजित मंथन बैठक में संकल्प लिया गया है कि तीसरी तीसरी बार सत्ता मिलते ही मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनकर रहेगा।
मथुरा की मंथन बैठक में यह भी तय किया गया है कि सर्वाधिक फोकस कार्यकर्ताओं पर ही रहेगा। अब भाजपा में कार्यकर्ताओं को केवल देवतुल्य कहा ही नहीं जाएगा अपितु इसका एहसास भी कराया जाएगा। मंथन बैठक में तय किया गया है कि केंद्र एवं राज्य सरकार ने महिला, गरीब, किसान एवं युवा को सशक्त बनाने के लिए जो कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं उनका व्यापक स्तर पर प्रचार -प्रसार किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कसी कमर
कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रदेश सरकार के कार्यों को आम जनता के मध्य प्रभावी तरीके से रखा जाएगा। भाजपा अब समाज में प्रबुद्ध, पिछड़ा, दलित एवं युवा सम्मेलन करने के साथ ही सभी मिशन शक्ति केंद्रो पर भी सम्मेलनों का आयोजन करेगी। भाजपा नये युवा मतदाता व जेन -जी पर भी विशेष ध्यान देगी। देश में जेन -जी आंदोलन और सरकार के प्रति नाराजगी को दूर करने के लिए चिंतन किया गया इनकी नाराजगी दूर करने के लिए विशेष अभियान में तीव्रता लाई जाएगी।
भाजपा अपने चुनावी अभियान में रक्षात्मक नहीं अपितु आक्रामक प्रचार की रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। यूजीसी को लेकर उठ रहे विवाद के बीच पार्टी के संभावित नुकसान को बचाने के लिए कार्यकर्ताओं के माध्यम से यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि सरकार सभी वर्गों के सम्मान, सुरक्षा व हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। चिंतन शिविर में पार्टी व सरकार की अब तक की सभी नीतियों की व्यापक चर्चा की गई। चिंतन शिविर से सबसे बड़ी चर्चा यह रही है कि किन कमियों और अति आत्मविश्वास के कारण 2024 के लोकसभा चुनाव या कुछ उपचुनावों में अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सके। उन सभी कमियों तथा नाराजगी को दूर करते हुए भाजपा संगठन ने 60 प्रतिशत हमारा है और 40 प्रतिशत में बंटवारा है तथा उसमें भी हमारी हिस्सेदारी के संकल्प से आगे बढ़ने का निर्णय लिया है।
आगामी माह से भाजपा जनआशीर्वाद यात्राएं निकालने वाली है। इनका समापन राजधानी लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के साथ होगा। भाजपा सरकार ने हिंदुत्व तथा सनातन की धार को मजबूत करने के लिए वर्ष 2027 की अवकाश सूची में मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती का अवकाश बढ़ा दिया है। लोकसभा चुनावों में बीजेपी की सीटों में कमी का एक बड़ा कारण जातियों की नाराजगी भी थी उस समस्या को दूर करने के लिए व्यापक पैमाने पर सभी जातियों के मध्य पार्टी के सम्मेलन होंगे। ब्राह्मण, जाट, गुर्जर, वैश्य, कायस्थ, भुमिहारऔर राजपूत समाज को पूरी तरह से अपने पाले में करने के लिए नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि इस बार पूर्ण बहुमत की नहीं अपितु बंपर बहुमत के साथ तीसरी बार हमारी सरकार बनने जा रही है। उनका कहना है कि प्रदेश के 75 जिलों, 35 तहसीलों 1583 थानों और 57,600 से अधिक ग्राम पंचायतों में बीजेपी का कोई कार्यकर्ता निजी काम के लिए किसी को बंधक नहीं बनाता। बीजेपी को दुनिया की सबसे बड़ी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। योगी का कहना है कि बीजेपी में परिवारवाद नही बल्कि कार्यकर्ता और संगठन सर्वोपरि है। बीजेपी का लक्ष्य भयमुक्त माहौल व सुशासन देना है। भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में साढ़े नौ वर्ष के कामकाज ओर उपलब्धियों के आधार पर ही जनता से वोट मांगने जा रही है।
भारतीय जनता पार्टी आक्रामक हिंदुत्व को लेकर आगे बढ़ेगी यही कारण है कि उसने सपा मुखिया अखिलेश यादव से मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मंदिर बनवाने के सहयोग मांगते हुए उनसे कारसेवा करने की अपील की है।
– मृत्युंजय दीक्षित