मप्र में भाजपा अगले साल फरवरी में राज्यव्यापी विकास यात्राएं निकालेगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 25, 2022

मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अगले साल फरवरी में राज्यव्यापी विकास यात्राएं निकालने का फैसला किया है, जिसमें पार्टी के जनप्रतिनिधि विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। यह निर्णय शुक्रवार को यहां भाजपा की राज्य इकाई और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रियों की बैठक के दौरान किया गया। मध्यप्रदेश में 2023 के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 127 और विपक्षी कांग्रेस के 96 सदस्य हैं।

यहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक की जानकारी देते हुए मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया, ‘‘अगले साल एक से 15 फरवरी के बीच विकास यात्राएं निकलेगी। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि विकास कार्यो का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि बैठक में मंत्रीगणों के द्वारा विकास की योजनाओं के काम और उनके प्रभार के जिलों में चल रहे विकास कार्यो की जानकारी प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव को दी गयी। मिश्रा ने बताया कि बैठक में मंत्रियों को कहा गया है कि जब भी वे प्रभार के जिलों में जाएं तो गरीब बस्तियों और अनुसूचित जाति, जनजाति छात्रावासों में भी औचक निरीक्षण कर वहां के छात्र-छात्राओं से संवाद करें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के कार्यक्रम चार संभागों में संपन्न हो चुके हैं। इन कार्यक्रमों में 83 लाख लोगों को अधिकार पत्र सौंपे गए हैं। शेष संभागों में भी जल्द कार्यक्रम आयोजित होंगे। मिश्रा ने बताया कि चार जनवरी को मुख्यमंत्री भू अधिकार आवास योजना का बड़ा कार्यक्रम आयोजित होगा। इस बैठक में मंत्रियों के अलावा प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शामिल थे।

प्रमुख खबरें

भारत में परमाणु ऊर्जा क्षेत्र निजी कंपनियों के लिए खुला, संसद से नया कानून पास

Bangladesh: शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद ढाका में हिंसा, भारत-बांग्लादेश रिश्तों पर असर

निफ्टी और सेंसेक्स में चार दिन बाद तेजी, वैश्विक संकेतों से बाजार को सहारा

Adani Group का बड़ा दांव: एयरपोर्ट कारोबार में पांच साल में ₹1 लाख करोड़ निवेश की योजना