‘ध्रुवीकरण की राजनीति’ को आगे बढ़ाने के लिए मुझे निशाना बना रही है भाजपा: फिरहाद हाकिम

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 13, 2021

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के विश्वनीय समझे जाने वाले नेता फिरहाद हाकिम ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया है कि वह ध्रुवीकरण की राजनीति को और आगे बढ़ाने की कोशिश के तहत उनकी धार्मिक पहचान को निशाना बना रही है। हाकिम ने भाजपा के इस दावे की आलोचना की कि वह राज्य को ‘‘मिनी पाकिस्तान’’ बना देंगे। उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रवादी हैं और राजनीति के धुव्रीकरण की कोशिश भारतीय संविधान की भावना के विपरीत है। हाकिम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘मैं एक राष्ट्रवादी हूं और मैं शत-प्रतिशत भारतीय हूं।’’

इसे भी पढ़ें: नए मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने संभाला पदभार, इन राज्यों में चुनाव कराने की जिम्मेदारी

उन्होंने कहा कि वह सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो), ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) जैसी एजेंसियों का बहुत सम्मान करते थे, लेकिन अब संशय पैदा होने लगा है। हाकिम ने दावा कि उनके कई पार्टी सहयोगी भाजपा में इसलिए शामिल हो गए क्योंकि भगवा दल ने ‘‘केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करके फंसाने’’ की धमकी देकर उन्हें ‘‘डराया और ब्लैकमेल’’ किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनके साथ भी यही साजिश करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। हाकिम ने कहा, ‘‘बंगाल में भाजपा का प्रभाव बढ़ना बहुत खतरनाक है। इसका कारण यह है कि भाजपा का मतलब सांप्रदायिकता, गतिरोध, बेरोजगारी है।

भाजपा का उदय वाम शासन से भी अधिक खतरनाक है।’’ उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश समेत भाजपा शासित अन्य राज्यों में कानून-व्यवस्था पश्चिम बंगाल से बहुत खराब है। यह पूछे जाने पर कि क्या वह इस साल के विधानसभा चुनाव को पहले के चुनावों की तुलना में मुश्किल समझते हैं, हाकिम ने दु:ख भरे लहजे में कहा, ‘‘आप क्या इसे चुनाव कहते हैं? हमने माकपा (मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी) के खिलाफ जो चुनाव लड़ा था, वह राजनीतिक था, लेकिन अब कोई राजनीति नहीं है। भाजपा की रणनीति झूठी अफवाहें फैलाना है और वे किसी भी स्तर तक गिर सकते हैं। वे दुष्प्रचार के लिए मीडिया, सोशल नेटवर्किंग मंचों आदि का इस्तेमाल कर रहे हैं।’’ हाकिम ने कहा कि ‘‘राज्य में बार-बार आ रहे वे लोग ‘बाहरी’ हैं, जिन्हें बंगाल की संस्कृति की कतई जानकारी नहीं’’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ भाजपा कार्यकर्ता मेरे विधानसभा क्षेत्र आए और उन्होंने कहा कि बॉबी हाकिम (बांग्लादेश की राजधानी) ढाका का मूल निवासी है। यह दर्शाता है कि वे मेरे क्षेत्र में किस प्रकार ध्रुवीकरण की कोशिश कर रहे हैं। वे मूर्खों की दुनिया में रहते हैं।’’ हाकिम ने कहा, ‘‘धर्म आपकी आत्मा की शुद्धि करता है और गलियों में इसका प्रदर्शन नहीं होना चाहिए। भाजपा भगवान राम का राजनीतिक मकसद से इस्तेमाल कर रही है। मैं उनसे बस इतना ही कह सकता हूं कि ‘देखो ओ दीवानों ऐसा काम न करो, राम का नाम बदनाम न करो’।’’ उन्होंने चुनाव में बनर्जी को पूर्ण बहुमत मिलने का भरोसा जताया।

प्रमुख खबरें

NSE IPO से पहले एंकर निवेशकों से जुटाए 6,746 करोड़ रुपये, LIC और Goldman Sachs ने लगाया पैसा

Rishabh Pant को मिली Rest of India की कप्तानी, J&K के खिलाफ श्रीनगर में Irani Cup मैच

PM Modi ने Semiconductor CEOs के साथ की बैठक, उभरती तकनीकों में भारत को अग्रणी बनाने पर दिया जोर

Asian Champions Trophy 2026: Pakistan ने भारत में खेलने से किया इनकार, मांगा Neutral Venue