By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या के प्रस्तावित दौरे को लेकर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि उन्हें 12 दिसंबर को नहीं, बल्कि छह दिसंबर को राम मंदिर जाकर राम भक्तों की हत्या के ‘‘महापाप’’ के लिए माफी मांगनी चाहिए। चौधरी ने ‘एक्स’ पर की गई एक पोस्ट में यादव के अयोध्या दौरे को ‘‘स्वांग’’ करार देते हुए कहा, ‘‘अगर भगवान श्रीराम पर ये नया पैंतरा नहीं, सच्चा पश्चाताप है तो 12 नहीं, छह दिसंबर को राम मंदिर जाइए और जिन सैकड़ों रामभक्तों की हत्या कराई उस महापाप पर माफी मांगिये।’’ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने ‘‘कारनामे बोलते हैं’’ हैशटैग से की गई इसी पोस्ट में कहा, ‘‘मत समझिये कि आपके पुराने पाप धुल जाएंगे, बल्कि इस रामभक्ति के स्वांग से बचा-खुचा अस्तित्व भी गंवाएंगे।’’ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या जाकर रामलला और हनुमानगढ़ मंदिरों में दर्शन पूजन करेंगे। जनवरी 2024 में राम मंदिर में रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यादव पहली बार राम मंदिर जाएंगे।
इस दौरान वह साधु-संतों से मुलाकात भी करेंगे। चौधरी ने यह टिप्पणी ऐसे समय की है जब भाजपा नेताओं की ओर से लगातार तीखे बयान आ रहे हैं, जिनमें यादव की धार्मिक निष्ठा पर सवाल उठाए गए हैं और सपा पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया गया है। भाजपा के विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश ने भी सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा की सरकार ने 1990 में अयोध्या में कार सेवकों पर गोली चलाने का आदेश दिया था, और अब जो लोग उस घटना के लिए जिम्मेदार थे वे सनातन धर्म की बातें कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यादव को राम मंदिर जाने से पहले सरयू नदी में डुबकी लगानी चाहिए और कार सेवकों तथा उनके परिवारों से माफी मांगनी चाहिए।’’ उन्होंने यादव को यह भी चुनौती दी कि वह मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि स्थल पर एक भव्य मंदिर की मांग पर अपना रुख स्पष्ट करें। इस बीच, भाजपा के प्रांतीय प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी ने सपा सांसद सनातन पांडेय पर निशाना साधा और उन पर हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। पांडेय ने कार सेवकों पर पुलिस की गोलीबारी को कथित तौर पर सही ठहराते हुए कहा था कि प्रदेश की तत्कालीन मुलायम सिंह यादव सरकार ने अदालत के यथास्थिति बनाए रखना के आदेश के बावजूद विवादित ढांचे को तोड़ने पर आमादा कार सेवकों पर संविधान की रक्षा के लिए गोलियां चलाने का आदेश दिया था।
त्रिपाठी ने कहा कि सपा नेता चुनावों से पहले अपने पार्टी प्रमुख को खुश करने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं।