By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 10, 2026
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की पांच दिसंबर को होने वाली कार्यकारी परिषद के चुनाव में 30 राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) के दो-दो प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे लेकिन गुटबाजी से जूझ रहा राष्ट्रीय मुक्केबाजी महासंघ चुनाव प्रक्रिया से बाहर रहेगा। तदर्थ समिति द्वारा संचालित भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) और इंडियन गोल्फ यूनियन (आईजीयू) को भी मतदान के लिए पात्र महासंघों की सूची में जगह नहीं मिली है। आईजीयू के एक गुट को आईओए की मान्यता प्राप्त है, जबकि दूसरे गुट को खेल मंत्रालय ने मान्यता दे रखी है।
आईओए के चुनाव अधिकारी संजय के. श्रीवास्तव ने सोमवार को 30 राष्ट्रीय खेल महासंघों की सूची जारी की। इन महासंघों को पांच दिसंबर के चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल का सदस्य बनाने के वास्ते एक पुरुष और एक महिला प्रतिनिधि नामित करने होंगे। इन महासंघों में फुटबॉल, टेनिस, कबड्डी, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉलिंग, साइकिलिंग, तलवारबाजी, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, हॉकी, आइस हॉकी, आइस स्केटिंग, कयाकिंग एवं कैनोइंग, रग्बी, ट्रायथलॉन, भारोत्तोलन, जूडो, ल्यूज, मॉडर्न पेंटाथलॉन, निशानेबाजी, नेटबॉल, रोइंग, स्की एवं स्नोबोर्ड, तैराकी, स्क्वाश, कुश्ती और वुशु शामिल हैं।
इन सभी महासंघों को 12 नवंबर को दोपहर तीन बजे तक अपने प्रतिनिधियों के नाम भेजने को कहा गया है। आईओए के संविधान के मुताबिक, जिन खेलों को ओलंपिक, एशियाई या राष्ट्रमंडल खेलों के कार्यक्रम में शामिल किया गया है, उनके राष्ट्रीय महासंघ आम सभा के लिए दो प्रतिनिधि नामित कर सकते हैं। इनके अलावा आठ उत्कृष्ट खिलाड़ियों (एसओएम), एथलीट आयोग के दो सदस्यों और भारत में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के सदस्य को भी मतदान का अधिकार होगा। इस तरह पांच दिसंबर को होने वाले आईओए चुनाव के निर्वाचक मंडल में कुल 71 मतदाता होंगे।
प्रत्येक मतदाता को एक वोट देने का अधिकार होगा। दो प्रतिनिधियों के नामांकन वाले फॉर्म पर संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघ के अध्यक्ष या सचिव के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। चुनाव अधिकारी की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, नामित प्रतिनिधि संबंधित महासंघ के मतदान का अधिकार रखने वाले सदस्य होने चाहिए। उन्हें भारतीय नागरिक, 70 वर्ष से कम आयु का और अच्छी प्रतिष्ठा वाला व्यक्ति होना चाहिए। साथ ही उनमें विवेकपूर्ण निर्णय लेने की क्षमता, स्वतंत्र सोच तथा ओलंपिक सिद्धांतों की जानकारी और उनके प्रति आस्था होनी चाहिए।
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नामित प्रतिनिधि किसी भी आधार पर अयोग्य घोषित नहीं होने चाहिए। इनमें दिवालियापन, कारावास की सजा वाले अपराध, डोपिंग या किसी नैतिकता समिति द्वारा लगाया गया प्रतिबंध शामिल है। निर्वाचक मंडल की अंतिम सूची 15 नवंबर को जारी की जाएगी। मतदान, मतगणना और परिणामों की घोषणा तक की विस्तृत प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों के साथ चुनाव का पूरा कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।