By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 30, 2026
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया का बचाव करते हुए शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी 10 बार यह प्रक्रिया पूरी की गई थी। राठौड़ ने एक बयान में कहा, ‘‘एसआईआर न तो भारत में पहली बार हो रहा है और न ही दुनिया के लिए अनजाना है। कांग्रेस की सरकारों के दौरान 10 बार एसआईआर हुआ है।
उन्होंने कहा कि देश पर आपातकाल थोपा गया था, तब अखबारों पर ताले लगे थे, जनता के अधिकार निलंबित थे और विपक्ष के नेता हवालात में थे। राठौड़ ने दावा किया कि कांग्रेस जिन 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे जाने का झूठ फैला रही है, उनमें से 2.80 करोड़ मतदाताओं का निधन हो चुका है, 6.30 करोड़ मतदाताओं ने अपना स्थान बदल लिया है, एक करोड़ मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं और तीन करोड़ मतदाताओं के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि इन मतदाताओं को चिह्नित किया गया है, उनके नाम काटे नहीं गए हैं।