UP Assembly Election 2027 के लिए BJP ने बनाया ट्रिपल एस फॉर्मूला, कानून व्यवस्था और UCC बनेंगे मुख्य मुद्दे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

(प्रकाश कुमार) नयी दिल्ली, 22 नवंबर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी उत्तर प्रदेश चुनाव मुख्य रूप से कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और विकास के मुद्दों पर लड़ेगी तथा ‘‘जीवन को बेहतर बनाने वाली’’ योजनाओं के लाभार्थियों से व्यापक स्तर पर संपर्क साधेगी तथा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं वैचारिक मुद्दों को भी जोर-शोर से उठाएगी। जहां एक ओर भाजपा शासन के मामले में पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार से एक स्पष्ट अंतर दिखाना चाहती है, वहीं समान नागरिक संहिता (यूसीसी) भी चुनाव में एक अहम मुद्दा होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल में कहा था कि अगर अगले साल की शुरुआत में होने वाले उप्र विधानसभा चुनाव में भाजपा को लगातार तीसरी बार जनादेश मिलता है, तो वह उत्तर प्रदेश में इसे (यूसीसी) लागू करेगी।

भाजपा के एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता हमारा आकलन तीन सरल चीजों के आधार पर करेगी: क्या उनकी बेटियां अंधेरा होने के बाद खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं, क्या सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तव में उनके घरों तक पहुंचा है, और पिछली सरकार के गुंडाराज के दिनों की तुलना में राज्य में कितना बदलाव आया है। कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और लाभार्थी नेटवर्क हमारे चुनाव अभियान के मुख्य केंद्र होंगे।’’ उन्होंने बताया कि पार्टी ने अपने ‘‘मिशन-2027’’ के तहत एक ट्रिपल एस फॉर्मूला तैयार किया है — संगठन, सरकार और सहयोगी दल। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जमीनी स्तर पर काम करने, वैचारिक स्पष्टता और संगठनात्मक ताक़त को मिलाकर बनाई गई एक बहुआयामी रणनीति, 2027 में उत्तर प्रदेश के लिए भाजपा की चुनावी योजना का आधार बनेगी।

सूत्र ने बताया, ‘‘हमारा मिशन-2027 इसी ट्रिपल एस’ फॉर्मूले पर आधारित है। इसके तहत, भाजपा, उसके सहयोगी दल और सरकार मिलकर काम करेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं और शिकायतों का समाधान किया जा सके।’’ सूत्रों के अनुसार, पार्टी रणनीतिकारों ने ‘लाभार्थी संपर्क’ और मतदाता सूची से जुड़े व्यापक अभियानों की योजना बनाई है, जिसमें डिजिटल निगरानी का भी इस्तेमाल होगा। भाजपा के एक नेता ने कहा, ‘‘जब वे अयोध्या में चढ़ावा चोरी की बात करेंगे, तो हम उन्हें मथुरा और काशी पर उनके रुख की याद दिलाएंगे।’’ सूत्रों ने बताया कि भाजपा और आरएसएस दोनों का ज़मीनी स्तर पर संपर्क, इस जवाबी रणनीति का तीसरा स्तंभ बनेगा।

सूत्रों के अनुसार, भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश में अपने 350 से अधिक कार्यकर्ताओं को विस्तारक (अल्पकालिक क्षेत्र आयोजक) के रूप में तैनात किया है। पार्टी नेता ने कहा कि उनका मुख्य ध्यान नव मतदाता सम्मेलनों , युवा चौपालों , चाय पे चर्चा और युवा उद्यमियों के साथ संवाद के आयोजन पर होगा, साथ ही कई अन्य रचनात्मक और लक्ष्योन्मुखी कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

प्रमुख खबरें

Rising Asia Cup 2026 में Harshit Rana की पाकिस्तानी बल्लेबाजों से तीखी बहस हुई

तिरुपरनकुंद्रम दीप मामले में सुप्रीम कोर्ट पहुंची TVK सरकार, BJP ने लगाया हिंदू विरोधी होने का आरोप

कर्नाटक BJP अध्यक्ष विजयेंद्र का आरोप: आशा कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर पार्टी हित में सरकारी धन बहा रही सरकार

Maruti Suzuki की गाड़ियां हुईं महंगी, 22 नवंबर से कारों पर 0.31% की औसत बढ़ोतरी