By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने उच्चतम न्यायालय की ओर से आगामी ‘कार्तिगई दीपम’ त्योहार के दौरान तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपक जलाने की दी गई अनुमति के खिलाफ राज्य की टीवीके सरकार द्वारा पुनर्विचार याचिका दाखिल करने की आलोचना की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य प्रशासन पर ‘हिंदू-विरोधी’ रवैया अपनाने और ‘वोट-बैंक की राजनीति’ करने का आरोप लगाया। उच्चतम न्यायालय ने 20 नवंबर को एक बार के अंतरिम उपाय के तौर पर 24 नवंबर को मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर ‘दीपथून’ (दीप स्तंभ) पर दीपक जलाने की अनुमति दे दी।
नागेंद्र ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की गई पोस्ट में कहा, ‘‘जब ‘दीपथून’ पर दीया जलाने की अनुमति दी जाती है तो सरकार इतनी परेशान क्यों हो जाती है? मैं सरकार के हिंदू-विरोधी रुख की कड़ी निंदा करता हूं। सरकार ने उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दायर करके उस आदेश पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है, जिसमें तिरुपरनकुंद्रम के दीपक स्तंभ पर कार्तिकई दीपम के दिन दीया जलाने की अनुमति दी गई थी।’’ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘जब सभी संगठन न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हुए संयम बरत रहे हैं, तो फिर तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार ही पुनर्विचार याचिका दाखिल करने की इतनी जल्दी क्यों कर रही है?
क्या मंदिरों की संपत्ति के सरंक्षण के लिए गठित हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्त विभाग ‘कंधार हिल’ को ‘सिकंदर हिल’ में तब्दील करने के लिए इतना उत्सुक है? क्या वोट-बैंक की राजनीति के लिए श्रीमान जोसेफ विजय को इतना निम्न स्तर पर जाना चाहिए?’’ उन्होंने कहा कि तिरुपरनकुंद्रम के दीप स्तंभ पर दीपक जलाने का विरोध करने के लिए बार-बार अदालतों में याचिकाएं दायर कर रही टीवीके सरकार को यह नहीं भूलना चाहिए कि सरकारी वकीलों पर खर्च किया गया एक-एक रुपया करदाताओं का पैसा है। नागेंद्रन ने कहा, ‘‘यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे अपने ही हाथ से अपनी आंखों को फोड़ा जाए।
श्रीमान जोसेफ विजय भगवान मुरुगन के भक्तों के पूजा के अधिकारों के खिलाफ दलीले दे रहे हैं जबकि इसके लिए उन्हीं भक्तों के पैसे का इस्तेमाल हो रहा है। उन्हें कभी माफ नहीं किया जाएगा।’’ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ जोसेफ विजय की सरकार सभी के लिए शासन का दावा करती है लेकिन वह हिंदू-विरोधी है और मुरुगन भक्तों के पूजा के अधिकारों को सुनियोजित तरीके से छीन रही है। जल्द ही मुरुगन भक्त इस सरकार को सबक सिखाएंगे।’’