भाजपा विकास की राजनीति करती है और विपक्ष ‘मोदी हटाओ’ की: अमित शाह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 23, 2018

नयी दिल्ली। पूर्वांचल के विकास के लिये अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को कहा कि भाजपा वोट बैंक की नहीं बल्कि विकास की राजनीति करती है जबकि विपक्षी महागठबंधन की एक मात्र नीति नरेंद्र मोदी हटाओ है। दिल्ली के रामलीला मैदान में पूर्वांचल महाकुंभ को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ‘‘ हम वोट बैंक की राजनीति नहीं करते। हम हमारे दल से देश को बहुत ऊँचा मानते है।’’ उन्होंने कहा कि आज देश भर में विकास की जो गंगा बह रही है, इसमें सबसे ज्यादा पसीना पूर्वांचली भाइयों ने बहाया है। 

 

विपक्ष के प्रस्तावित महागठबंधन पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि महागठबंधन की एक मात्र नीति ‘‘नरेंद्र मोदी हटाओ’’ है जबकि प्रधानमंत्री मोदी की नीति ‘‘देश से ग़रीबी हटाओ, भूख की समस्या दूर करना और असुरक्षा दूर करना’’ है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचलियों का जो कुंभ उनके सामने है, वह इसके आधार पर राहुल गांधी और केजरीवाल साहब दोनों को कहना चाहते हैं कि आने वाले लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सातों सीटें फिर से भाजपा जीतने वाली है। 

 

केजरीवाल पर निशाना साधते हुए शाह ने सवाल पूछा कि केजरीवाल ने इन चार वर्षों में दिल्ली के लोगों के लिए कितने काम किए हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का एक ही मंत्र है, ‘‘झूठ बोलना और बार-बार झूठ बोलना।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तरप्रदेश के पूर्वी हिस्से, बिहार और झारखण्ड के लिए कांग्रेस सरकार ने 13वें वित्त आयोग के अंतर्गत मात्र 4 लाख करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन जबसे मोदी सरकार आई है तबसे पूर्वांचल के विकास के लिए काफी धन मुहैया कराया गया है । 

 

राष्ट्रीय नागरिक पंजी. के संदर्भ में शाह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी को घुसपैठियों पर अपना रूख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज पूर्वांचलियों ने साबित कर दिया कि महाकुम्भ किसे कहते हैं। शाह ने अपनी राष्ट्रवादी रचनाओं से हर वर्ग में अद्भुत ऊर्जा का संचार करने वाले राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' के योगदान को भी याद किया।

प्रमुख खबरें

तीसरी बार सत्ता में आने पर प्रधानमंत्री मोदी दो साल में नक्सलवाद को खत्म कर देंगे : Amit Shah

Lok Sabha Polls: भगवान शिव और राम पर खड़गे की विवादित टिप्पणी, भड़की बीजेपी, दी तीखी प्रतिक्रिया

स्कूलों में बम रखे होने की धमकी अफवाह, घबराने की कोई जरूरत नहीं: Home Ministry

कर्नाटक सरकार को वीडियो के बारे में पहले से जानकारी थी पर कार्रवाई नहीं की : Anurag Thakur