प्रदर्शनकारी छात्रों पर गोलीबारी के राहुल गांधी के दावे को भाजपा ने बताया झूठ, माफी की मांग की

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 29, 2026

नयी दिल्ली, 29 जुलाई भाजपा ने बुधवार को राहुल गांधी के उस दावे को ‘‘झूठ’’ करार दिया कि पिछले सप्ताह संसद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारी छात्रों पर गृह मंत्री अमित शाह के आदेश पर पुलिस ने गोलियां चलाई थीं। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राजनीतिक फायदे के लिए भ्रम फैलाने और अराजकता भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। यहां भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए, पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने गांधी की इस टिप्पणी की भी आलोचना की कि शाह 30 गाड़ियों के काफिले में चलते हैं क्योंकि वह डरे हुए हैं।

भाजपा की यह प्रतिक्रिया तब आई जब गांधी ने आरोप लगाया कि शाह ने छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की ‘‘ज्यादती और गोलीबारी’’ को मंजूरी दी थी। इस आरोप के कारण पेपर लीक रोधी कानून में संशोधन करने वाले विधेयक पर बहस के दौरान लोकसभा में भारी हंगामा हुआ। भाजपा ने पलटवार करते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता पर ‘‘झूठ का पुलिंदा’’ बनाने का आरोप लगाया और मांग की कि वह बेबुनियाद आरोप लगाकर सदन का ‘‘दुरुपयोग’’ करने के लिए माफी मांगें।

पात्रा ने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर गोलियां चलाई गईं। उन्होंने झूठ बोला। कोई गोली नहीं चलाई गई।

उन्होंने यह भी झूठ बोला कि गृह मंत्री अमित शाह ने गोलीबारी का आदेश दिया था।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘जब कोई गोली ही नहीं चलाई गई, तो किसी के गोलीबारी का आदेश देने का सवाल ही कहां उठता है?’’ पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस झूठ फैलाकर भ्रम पैदा करने और अराजकता भड़काने में लगे हैं क्योंकि वे चुनाव जीतकर सत्ता में वापस नहीं आ सकते।

प्रमुख खबरें

राष्ट्रमंडल खेलों में अंकुश, साक्षी, अरूंधति, सचिन और नरेंदर ने सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के पांच और पदक पक्के किए

काला सागर में मर्चेंट नेवी अधिकारी की मौत की आशंका, कानपुर प्रशासन ने विदेश मंत्रालय को लिखा पत्र

क्लाउड सेवा बाजार में प्रतिस्पर्धा-रोधी गतिविधियों पर रोक के लिए कदम उठाने की जरूरत: कट्स रिपोर्ट

मध्यप्रदेश में बाघों की संख्या अगली गणना में 1000 से अधिक होने का अनुमान: मुख्यमंत्री मोहन यादव