By अंकित सिंह | Apr 19, 2023
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम सबसे ऊपर है। इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा दूसरे नंबर पर मौजूद है। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी भी स्टार प्रचारकों की सूची में मौजूद हैं। इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, राज्य के भाजपा प्रमुख नलिन कुमार कटील, मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भी 40 स्टार प्रचारकों की सूची में मौजूद है। गौर करने वाली बात यह भी है कि स्टार प्रचारकों की सूची में बीएस येदियुरप्पा के बाद बसवराज बोमेमई का नाम आया है।
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कर्नाटक के हुबली में शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कर्नाटक में सत्ता में आना चाहती है ताकि वे कर्नाटक एटीएम, स्वचालित हस्तांतरण मशीन बना सकें। कांग्रेस गले तक भ्रष्टाचार में डूबी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भारत में राजनीति की संस्कृति को बदल दिया है। हमारे उम्मीदवार कर्नाटक में किए गए विकास कार्यों को सूचीबद्ध कर सकते हैं। हालांकि कांग्रेस प्रत्याशी सिर्फ अपने संभाग के काम की सूची बना सकते हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि एक तरफ (भाजपा) देश को आगे ले जाने का काम कर रही है, वहीं दूसरी तरफ (कांग्रेस) परिवारवाद और वंशवाद को पनपाने वाले लोग हैं।