दिल्ली के शुरुआती रुझान में भाजपा आगे, AAP का क्या होगा जनाब-ए-आली?

By अभिनय आकाश | May 23, 2019

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 के चुनावी समर से जीत का सफर कौन तय करेगा? इस सवाल से तो आज पर्दा उठ जाएगा। देश में आम चुनाव के वोटों की गिनती जारी है। बात अगर देश की राजधानी दिल्ली के 7 लोकसभा सीटों की करें तो आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के त्रिकोणीय मुकाबले में फंसी दिल्ली में भी वोटों की गिनती जारी है। अब तक के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी आगे चल रही है। दिल्ली की सात सीटों में से छह पर भाजपा आगे चल रही है व एक पर कांग्रेस पार्टी आगे है। देश की सभी लोकसभा सीटों के लिये बनाये गये मतगणना केन्द्रों सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है। 

फिलहाल शुरूआती रुझान राजग के पक्ष में है। शुरुआती रूझान में भाजपा 148 सीटों पर आगे तल रही है। वहीं कांग्रेस गठबंधन 75 सीटों पर आगे चल रही है।12 मई को छठे चरण में दिल्ली की सभी सात सीटों के लिए वोटिंग हुई थी। इस चुनाव में दिल्ली में कुल 164 उम्मीदवार मैदान में उतरे, जिन्होंने जनता के सामने अपने वादों-इरादों का पिटारा खोला। लेकिन असल मुकाबला तो सिर्फ तीन पार्टियों के बीच ही दिखा। दिल्ली में एक तरफ भाजपा क्लीन स्वीप कर फिर से एक बार मोदी सरकार के नारे के साथ दिल्ली के सल्तनत पर काबिज होना चाह रही है तो कांग्रेस अपनी खोयी हुई जमीन को फिर से दिल्ली के जरिये जिंदा करने की चाह लिए मैदान में है। आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले नई संभावना तलाशने की कोशिश के साथ चुनावी मैदान में उतरी थी। दिल्ली के दिल पर किसका होगा राज और दिल्ली के जनता के दर्द का हमदर्द कौन बन पाएगा ये तो फाइनल नतीजे आने के बाद ही पता चलेगा।