संबित पात्रा का थरूर पर हमला, ‘हिन्दू पाकिस्तान’ शब्द का प्रयोग हिंदुओं पर प्रहार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 12, 2018

नयी दिल्ली। कांग्रेस नेता शशि थरूर के 'हिंदू पाकिस्तान' वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्‍यक्‍त करते हुए भाजपा ने आज कहा कि 'हिन्दू पाकिस्तान' शब्द का प्रयोग करके कांग्रेस पार्टी ने हिन्दुस्तान के लोकतंत्र तथा देश के हिन्दुओं पर प्रहार किया है और राहुल गांधी को थरूर के बयान पर माफी मांगनी चाहिए। भाजपा प्रवक्‍ता संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि शशि थरूर का यह कहना है कि अगर 2019 में भाजपा सरकार बनाती है तो भारत 'हिन्दू पाकिस्तान' बन जाएगा। इससे ज्यादा आपत्तिजनक विषय भारत के लिए और कोई नहीं हो सकता है।

कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि '‘हिन्दू पाकिस्तान'’ शब्द का प्रयोग करके कांग्रेस पार्टी ने हिन्दुस्तान के लोकतंत्र और देश के हिन्दुओं पर प्रहार किया है। पात्रा ने कहा कि मोदी और भाजपा से नफरत करते-करते कांग्रेस पार्टी लक्ष्मण रेखा लांघ गयी है और हिन्दुस्तान और हिन्दुस्तान के लोकतंत्र के खिलाफ बोलना शुरू कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के नेता अपनी तुच्छ राजनीति के लिए भारत को नीचा दिखाने का काम करते हैं। कांग्रेस में शशि थरूर पहले नेता नहीं हैं। मणिशंकर अय्यर और राहुल गांधी भी पहले भारत के खिलाफ बयान दे चुके हैं।

संबित पात्रा ने कहा कि भाजपा सवाल करती है कि भारत की मर्यादा पर हमला करना कितना सही है। उन्होंने कहा कि शशि थरूर, अगर आप पाकिस्तान के नागरिकों से प्यार करना चाहते हैं तो करिए, लेकिन भारत को नीचा मत दिखाएं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुस्‍लिम बुद्धिजीवियों से राहुल गांधी मंदिर जाने के लिए माफी मांगते हैं । राहुल जो मंदिर जाने का नाटक करते हैं, ये ज्यादा दिन नहीं चलेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति नहीं छोड़ सकती। कांग्रेस पार्टी के नेता अपनी तुच्छ राजनीति के लिए भारत को नीचा दिखाने का काम करते हैं, यह ठीक नहीं है। उल्लेखनीय है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने कहा था कि 'अगर साल 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा जीती, तो हिंदुस्तान का संविधान खतरे में पड़ जाएगा। भारत 'हिंदू पाकिस्तान' बन जाएगा और भाजपा की जीत से लोकतांत्रिक मूल्य खतरे में पड़ जाएंगे।

प्रमुख खबरें

IAF Convoy Attack । आतंकियों की तलाश जारी, पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया गया

नेतन्याहू के मंत्रिमंडल ने इजराइल में ‘Al Jazeera’ के कार्यालयों को बंद करने का फैसला किया

Vijay Wadettiwar के बिगड़े बोल, 26/11 मुंबई हमले में Pakistan को दी क्लीन चिट, RSS को बताया हेमंत करकरे की मौत का जिम्मेदार

रायबरेली और अमेठी में चुनाव प्रचार का नेतृत्व करेगीं Priyanka Gandhi, सोमवार से होगी चुनाव अभियान की शुरुआत