रायबरेली और अमेठी में चुनाव प्रचार का नेतृत्व करेगीं Priyanka Gandhi, सोमवार से होगी चुनाव अभियान की शुरुआत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 05, 2024

नयी दिल्ली। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा रायबरेली और अमेठी में लोकसभा चुनाव प्रचार का नेतृत्व करेंगी तथा दोनों सीट पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सोमवार से उत्तर प्रदेश के इन संसदीय क्षेत्रों में डेरा डालेंगी। सूत्रों ने यह जानकारी दी। कई दिनों से जारी असमंजस को खत्म करते हुए कांग्रेस ने शुक्रवार को घोषणा की कि राहुल गांधी रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, जो पिछले दो दशकों से उनकी मां सोनिया गांधी का निर्वाचन क्षेत्र रहा है। वहीं, गांधी परिवार के करीबी सहयोगी किशोरी लाल शर्मा अमेठी से चुनाव लड़ेंगे। 

अमेठी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता स्मृति ईरानी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को हराया था। इस संबंध में एक सूत्र ने कहा, ‘‘वह (प्रियंका गांधी) अमेठी और रायबरेली में प्रचार अभियान की अगुवाई करेंगी। वह दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होने तक वहीं रहेंगी।’’ सूत्रों ने कहा कि प्रियंका गांधी सैकड़ों नुक्कड़ सभाएं, बैठकें करने के साथ घर-घर जाकर प्रचार करेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र रायबरेली होगा, जहां वह एक अतिथि गृह में ठहरेंगी। बूथ प्रबंधन से लेकर संपर्क तक, सबकुछ वही संभालेंगी।’’ 

सूत्रों ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों और दशकों से गांधी परिवार के साथ पारिवारिक संबंध रखने वाले लोगों तक पहुंचने की कवायद शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रियंका दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में डिजिटल और सोशल मीडिया प्रचार अभियान की भी निगरानी करेंगी। सूत्रों ने कहा कि दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में लोगों तक पहुंचने के लिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर प्रचार अभियान चलाया जाएगा। प्रियंका गांधी कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट जैसे शीर्ष नेताओं के प्रचार अभियानों की योजना और कार्यक्रम का भी ध्यान रखेंगी। 

इसे भी पढ़ें: ‘INDIA’ गठबंधन के साझेदारों में मतभेद से पूरे बंगाल में देखने को मिल रहा है त्रिकोणीय मुकाबला

सूत्रों ने कहा कि वह लगभग 250-300 गांवों को कवर करेंगी और दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को बराबर समय देंगी। फिरोज गांधी ने रायबरेली में जो मजबूत नींव रखी, उसे बाद में उनकी पत्नी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने और मजबूत किया। इंदिरा गांधी ने 1967, 1971 और 1980 में इस सीट से जीत दर्ज की। उनके बाद गांधी परिवार के दोस्तों और सदस्यों ने इस सीट पर पार्टी का परचम लहराया। ईरानी ने 2019 में अमेठी में राहुल गांधी को 55,000 से अधिक वोट से हराया था, जबकि रायबरेली में सोनिया गांधी ने भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह को 1,67,000 से अधिक वोट से हराया था। 

इसे भी पढ़ें: सिर्फ अपने बच्चों के भविष्य के लिए चुनाव लड़ रहे हैं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस : PM Modi

रायबरेली में राहुल गांधी का मुकाबला सिंह से होगा, जिन्हें भाजपा ने फिर से मैदान में उतारा है। अमेठी में मौजूदा सांसद ईरानी को टक्कर देने के लिए 25 साल बाद गैर-गांधी परिवार का कोई सदस्य मैदान में है। शर्मा गांधी परिवार की ओर से दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े रहे हैं। सात चरण के आम चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को अमेठी और रायबरेली सीट पर मतदान होगा।

प्रमुख खबरें

Neeraj Chopra और भारतीय दल Commonwealth Games की भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल में पहुंचे

Rahul Gandhi के Lok Sabha भाषण के दौरान गैर-मौजूद रहे Charanjit Singh Channi

Delhi Police कॉजपा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नहीं करेगी दंडात्मक कार्रवाई

Spain Illegal Migration: स्यूटा सीमा पर घुसे 1500 से अधिक लोग, प्रशासन बोला- Ceuta अब और बोझ सहने को तैयार नहीं