By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 19, 2021
नयी दिल्ली। कोरोना काल में राजनीतिक लाभ के लिए ‘‘टूलकिट’’ तैयार करने और इसके जरिए देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि धूमिल करने का कांग्रेस पर आरोप लगाने के एक दिन बाद भाजपा ने बुधवार को दावा किया कि इस कथित टूलकिट की रचनाकार कांग्रेस की कार्यकर्ता सौम्या वर्मा हैं जो विपक्षी पार्टी के शोध विभाग के प्रमुख राजीव गौड़ा के कार्यालय से संबद्ध हैं। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक संवाददाता सम्मेलन में अपने दावे के पक्ष में सौम्या वर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट्स का ब्योरा और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तथा गौड़ा के साथ उनकी कुछ तस्वीरें साझा कीं। साथ ही उन्होंने टूलकिट के स्रोत से संबंधित एक दस्तावेज भी जारी किया और ट्वीट कर कहा, ‘‘कांग्रेस ने कल पूछा था कि टूलकिट किसने तैयार किया है? कृपया इस पेपर की सामग्री देखिए। इसे लिखा है सौम्या वर्मा ने। सबूत खुद बताते हैं कि यह सौम्या वर्मा कौन है।
एक ‘‘टूलकिट’’ का हवाला देते हुए पात्रा ने आरोप लगाया था कि कोरोना के समय जब पूरा देश महामारी से लड़ रहा है तो कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए भारत को पूरे विश्व में ‘‘अपमानित और बदनाम’’ करने की कोशिश की है। कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भाजपा पर ‘‘फर्जी टूलकिट’’ तैयार करने का आरोप लगाया था और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित उसके वरिष्ठ नेताओं बीएल संतोष, स्मृति ईरानी, संबित पात्रा तथा कई अन्य के खिलाफ दिल्ली पुलिस में ‘जालसाजी’ की शिकायत दर्ज कराई। ‘‘टूलकिट’’ एक प्रकार का दस्तावेज होता है जिसमें अपने अभियान को आगे बढ़ाने के लिए बिंदुवार मुद्देहोते हैं।अभियान को धार देने के उद्देश्य से इन्हीं मुद्दों पर विरोधियों को घेरने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाता है। हाल ही में किसान आंदोलन के दौरान भी एक टूलकिट सामने आया था जिसकी काफी चर्चा भी हुई थी।