BJP का कांग्रेस पर हमला, सांसद Angomcha Bimol Akoijam को Manipur चुनाव समिति में जगह देने पर उठाए सवाल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026

यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) द्वारा हाल ही में बर्खास्त किए गए ‘इनर मणिपुर’ के सांसद ए. बिमल अकोइजम को मणिपुर की तीन प्रमुख चुनावी समितियों में शामिल किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस को महिला विरोधी पार्टी करार दिया। इस कदम पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं...’ और ‘पितृसत्ता को खत्म करो’ की हुंकार भरने वाली कांग्रेस का महिला सम्मान के प्रति असली चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर देश के सामने है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ईरानी ने कहा, जेएनयू की 11 छात्राओं द्वारा कांग्रेस सांसद बिमल अकोइजम पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए, फिर भी उन्हें मणिपुर प्रदेश चुनाव समिति में कांग्रेस ने अहम जिम्मेदारी दी है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘महिला सम्मान पर कांग्रेस की कथनी और करनी में इतना बड़ा अंतर इसलिए है, क्योंकि उनके लिए महिलाओं की गरिमा बस एक चुनावी नारा है।’’ भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस को महिला विरोधी पार्टी बताते हुए कहा कि पितृसत्ता को समाप्त करो विपक्षी दल के लिए एक खोखला नारा बनकर रह गया है। भंडारी ने आरोप लगाया, राहुल गांधी महिलाओं के खिलाफ अपराध के आरोपियों को बढ़ावा देते हैं। कांग्रेस ने मणिपुर विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत बुधवार को पांच समितियों का गठन किया, जिनमें से तीन महत्वपूर्ण समितियों में अकोइजम को शामिल किया गया है।

इस कदम को शर्मनाक करार देते हुए भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जवाबदेही दिखाने के बजाय अकोइजम को महत्वपूर्ण संगठनात्मक पद से पुरस्कृत किया है। सत्तारूढ़ दल ने सवाल उठाते हुए कहा, अक्सर पितृसत्ता को खत्म करने का ज्ञान देने वाले राहुल गांधी इस मुद्दे पर चुप हैं। क्या कांग्रेस ऐसे गंभीर आरोपों का सामना करने वालों को इनाम देकर इसी तरह पितृसत्ता को खत्म करती है?

गौरतलब है कि यौन उत्पीड़न संबंधी आरोपों के बीच जेएनयू ने अकोइजम की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। हालांकि बाद में दिल्ली उच्च न्यायालय ने उनकी बर्खास्तगी के आदेश पर रोक लगा दी।

प्रमुख खबरें

Swachh Survekshan में UP के शहरों का डंका, मंत्री AK Sharma ने बताया सामूहिक प्रयासों की जीत

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 IAS और 20 PCS अफसरों की नई तैनाती

Shimla में 3.9 तीव्रता का Earthquake, जुब्बल और रोहड़ू में भी महसूस हुए झटके

Harak Singh Rawat का दावा, अंकिता भंडारी केस से ध्यान भटकाने को BJP लगा रही आरोप