Sonia Gandhi की किताब पर BJP का हमला, इमरजेंसी पर पर्दा डालने का लगाया आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर उनकी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में आपातकाल को ‘‘सही ठहराने’’ की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि इस पुस्तक का नाम ‘‘व्हाइटवॉशिंग’’ होना चाहिए था। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी आर केसवन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि इस पुस्तक का उद्देश्य नेहरू-गांधी परिवार द्वारा की गई ‘‘ऐतिहासिक गलतियों पर पर्दा डालना’’ प्रतीत होता है। सत्ताधारी दल की यह टिप्पणी सोनिया गांधी की इस किताब के बाजार में आने के दिन आई है, जिसमें उन्होंने 1975 में देश में लगाए गए आपातकाल पर अपनी राय व्यक्त करते हुए इसे एक गलती बताया है।

सोनिया गांधी ने लिखा कि उनका मानना है कि उनकी सास एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी बाद में ऐसा ही महसूस होने लगा था। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष ने यह भी लिखा कि अगर संजय गांधी को ‘नियंत्रण में’ रखा गया होता तो आपातकाल लागू होने के बाद हुए नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। केसवन ने कहा, ‘‘सोनिया गांधी अपने संस्मरण का शीर्षक ‘बिलॉन्गिंग’ के बजाय ‘व्हाइटवॉशिंग’ रख सकती थीं, क्योंकि इस पुस्तक का उद्देश्य नेहरू-गांधी परिवार द्वारा की गई ऐतिहासिक गलतियों पर पर्दा डालना और कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए गंभीर अपराधों को छिपाना प्रतीत होता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह कहती हैं कि वह बाबरी मस्जिद के लिए रोई थीं।

लेकिन क्या कांग्रेस के शासनकाल में 1984 के सिख नरसंहार के दौरान जब गुरुद्वारों को निशाना बनाया गया और हजारों निर्दोष लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, तब सोनिया गांधी की आंखों से एक आंसू भी बहा था?’’ भाजपा नेता ने सवाल किया, ‘‘सोनिया गांधी बटला हाउस के आतंकियों के लिए बिलख-बिलख कर रोई थीं, लेकिन क्या वह हमारे देश और लोगों की रक्षा करते हुए कर्तव्य के मार्ग पर शहीद हुए सीआरपीएफ के वीर जवानों के लिए रोईं?’’ उन्होंने पूछा, ‘‘क्या सोनिया गांधी कांग्रेस सरकार के दौरान हुए 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों में मारे गए निर्दोष लोगों के लिए रोईं? क्या उनकी किताब इस बात का जवाब देगी कि कायर कांग्रेस नीत संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) सरकार (इस हमले पर) जवाबी कार्रवाई करने में क्यो नाकाम रही?’’ केसवन ने कहा कि सोनिया गांधी द्वारा ‘‘आपातकाल को सही ठहराने और इसे एक सामान्य घटना बताने की कोशिश’’ अत्यंत चिंताजनक है, जबकि आपातकाल ने ‘‘संविधान की हत्या की थी’’ और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को छीन लिया था। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र में लगभग 55 वर्षों तक रहे कांग्रेस शासन ने भारतीय राजनीति और हमारे लोकतंत्र को अपूरणीय क्षति पहुंचाई और गहरे जख्म दिए।

देश प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी का आभारी है कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए ऐतिहासिक पापों और गलतियों को प्रभावी ढंग से सुधारा है।’’

प्रमुख खबरें

Karnataka Congress ने विज्ञापनों पर खर्च किए 473 करोड़, BJP का हमला

Rajiv Gandhi की हत्या से दो माह पूर्व Rahul Gandhi ने जताई थी सुरक्षा पर चिंता, Sonia Gandhi का संस्मरण

Sonia Gandhi ने Memoir में लिखा: PM Modi ने RSS के भीतर मेहनत से बनाई सत्ता की राह

दीवाली के बाद दिल्ली-NCR की आबोहवा: तेज़ हवाओं से स्मॉग में मामूली राहत, लेकिन प्रदूषण अभी भी बहुत खराब श्रेणी में