Thiruparankundram Deepam Controversy: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी दीपाथून पर नहीं जला दीप, बीजेपी ने उठाए सवाल

By एकता | Nov 25, 2026

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की सरकार मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवादों में घिर गई है। 24 नवंबर को दीपाथून नाम के पत्थर के खंभे पर दीप जलाने के बजाय हर साल की तरह उची पिल्लैयार मंदिर के पास दीप जलाया गया। यह फैसला ऐसे समय में हुआ, जब सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक सीमित और एक बार की व्यवस्था के तहत दीपाथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। इस मामले को लेकर बीजेपी और कई हिंदू संगठनों ने राज्य सरकार की आलोचना की है। वहीं, विपक्षी दलों और सरकार के सहयोगियों के बीच भी इस मुद्दे पर मतभेद सामने आए हैं।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी दीपाथून पर नहीं जला दीप

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अपने अंतरिम आदेश में मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत सीमित टीम को 24 नवंबर को दीपाथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। कोर्ट ने यह भी साफ किया था कि यह सिर्फ इस साल के लिए एक बार की व्यवस्था है। इससे उस जगह पर किसी स्थायी धार्मिक या मालिकाना हक की पुष्टि नहीं होती।हालांकि, मंगलवार शाम को दीपाथून पर दीप नहीं जलाया गया। इसके बजाय उची पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर ही दीप प्रज्ज्वलित किया गया। इस घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे।

इसे भी पढ़ें: SAD-BJP गठबंधन पर पंजाब Congress का हमला, अस्तित्व बचाने के लिए बताया मौकापरस्त समझौता

सहयोगी दलों के रुख से बढ़ी सरकार की मुश्किल

इस फैसले को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद सरकार ने दीपाथून पर दीप जलाने की व्यवस्था क्यों नहीं की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके), सीपीआई और सीपीआई (एम) विवादित जगह पर दूसरा दीप जलाने के पक्ष में नहीं थे। वामपंथी दलों और वीसीके ने पुरानी परंपरा को जारी रखने की बात कही थी। तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने भी धार्मिक सद्भाव का हवाला देते हुए पारंपरिक जगह पर ही दीप जलाने के फैसले का समर्थन किया।

बीजेपी ने विजय सरकार पर साधा निशाना

दीपाथून पर दीप नहीं जलाए जाने के बाद बीजेपी नेताओं ने राज्य सरकार की आलोचना की। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर मदुरै के जिला कलेक्टर पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा, "मदुरै के जिला कलेक्टर, जो तमिलनाडु सरकार का हिस्सा हैं, सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना करते हुए दीपाथून के पत्थर के खंभे के बजाय उचीपिल्लैयार मंडपम में कार्तिगई दीपम जला रहे हैं।"

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन सहयोगियों को खुश करने के लिए सरकार ने करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि विजय सरकार को इस मामले में कानूनी और सांस्कृतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

तमिलनाडु के कई इलाकों में प्रदर्शन, पुलिस ने लोगों को हिरासत में लिया

दीपाथून पर दीप नहीं जलाए जाने के विरोध में तमिलनाडु के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए। रामनाथपुरम में हिंदू फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और सुप्रीम कोर्ट का आदेश लागू करने की मांग की। सड़क जाम करने वाले कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

वहीं, पोलाची में हिंदू मुन्नानी के सदस्यों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हिंदू मुन्नानी, बीजेपी और विश्व हिंदू परिषद पिछले साल से ही इस मुद्दे पर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों को हटाने और हिरासत में लेने के दौरान वहां कुछ समय के लिए तनाव भी रहा।

हिंदू धर्म परिषद ने भी पहले मदुरै के जिला कलेक्टर को कानूनी नोटिस भेजा था। संगठन की ओर से चेतावनी दी गई थी कि अगर 24 नवंबर को दीपाथून पर दीप नहीं जलाया गया, तो 25 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में अवमानना की कार्रवाई की मांग की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: BJP और Shiromani Akali Dal गठबंधन से पंजाब मजबूत होगा, Nayab Singh Saini ने बताया स्वाभाविक

क्या है तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी का पूरा विवाद?

मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की तलहटी में भगवान मुरुगन के छह प्रमुख निवास स्थलों में से एक सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर स्थित है। पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया दरगाह है। विवादित पत्थर का खंभा, जिसे दीपाथून कहा जाता है, दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है।

हिंदू संगठन लंबे समय से इस खंभे पर कार्तिगई दीपम जलाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, मंदिर के पुजारियों के अनुसार, परंपरा के मुताबिक दीप उची पिल्लैयार मंदिर के पास ही जलाया जाता रहा है। इसी जगह को लेकर धार्मिक परंपरा, अधिकार और कानूनी आदेश का विवाद चल रहा है।

प्रमुख खबरें

UP Congress Chief Ajay Rai बोले, SP की 5 सीटों की सूची बातचीत की शुरुआत, गठबंधन रहेगा मजबूत

उत्तरी England की 10 प्रतिशत फर्म्स 2026 तक भारत में करेंगी कारोबार, ट्रेड सर्वे में खुलासा

Winter Fashion: कम हाइट वाली लड़कियां ऐसे चुनें Outfit, दिखेंगी लंबी और स्टाइलिश

25 नवंबर को Constituent Assembly में हुआ था डॉ. Ambedkar का ऐतिहासिक समापन भाषण