अमरिंदर, ढींढसा के साथ गठबंधन में भाजपा वरिष्ठ साझेदार की भूमिका निभाएगी : पार्टी सूत्र

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 28, 2021

नयी दिल्ली| पंजाब में पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढींढसा के शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ अपने गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा वरिष्ठ साझेदार की भूमिका निभाने की संभावना है। साथ ही, चुनाव से पहले गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए कोई चेहरा पेश करने की संभावना नहीं है।

शाह के आवास पर हुई बैठक के बाद भाजपा के पंजाब प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने तीनों दलों के साथ मिल कर विधानसभा चुनाव लड़ने की औपचारिक रूप से घोषणा की और कहा कि एक साझा चुनाव घोषणापत्र जारी किया जाएगा।

शेखावत ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, अमरिंदर सिंह और सुखदेव सिंह ढींढसा ने यहां एक बैठक की और यह फैसला किया गया कि भाजपा, सिंह की पार्टी और ढींढसा की पार्टी पंजाब में मिलकर विधानसभा चुनाव लडेंगी।’’ पंजाब में भाजपा के चुनाव प्रभारी शेखावत ने कहा कि सीट के बंटवारे संबंधी समझौते को अंतिम रूप देने के लिए एक संयुक्त समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें हर दल के दो नेता शामिल होंगे।

गठबंधन के मुख्यमंत्री पद का चेहरा के बारे में पूछे जाने पर, शेखावत ने पीटीआई-से कहा कि गठबंधन चुनाव सामूहिक नेतृत्व के तहत लड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा आमतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर चुनाव लड़ती है।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री पद के लिए कोई चेहरा प्रायोजित नहीं करेगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के साथ भाजपा के पिछले गठबंधन के आधार पर सीट बंटवारा समझौता आधारित नहीं होगा।

शेखावत ने कहा, ‘‘भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है जिसने दो लोकसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की है और देश भर में अपना आधार विस्तारित किया है इसलिए पंजाब में गठबंधन राज्य में अकाली दल के साथ पिछले गठबंधन के सीट बंटवारा समझौता पर आधारित नहीं होगा। ’’ मंत्री ने कहा कि दृष्टिकोण पत्र में पंजाब और सिखों के सभी लंबित मुद्दों पर जोर दिया जाएगा।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि भाजपा राज्य में गठबंधन के वरिष्ठ साझेदार की भूमिका निभाएगी और 117 में आधी से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।

भाजपासूत्रों ने बताया कि पंजाब विधानसभा चुनाव में पंचकोणीय मुकाबला होने का अनुमान है, क्योंकि कांग्रेस, शिअद और आम आदमी पार्टी के अलावा विभिन्न किसान संगठन भी चुनावी मैदान में उतरसकते हैं।

अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने और कांग्रेस छोड़ने के कुछ दिन बाद अपने अलग दल ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ का गठन किया।

इससे पहले, भाजपा के सबसे पुराने सहयोगी दलों में शामिल शिअद तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग हो गया था।

प्रमुख खबरें

CM Nayab Singh Saini के गुजरात दौरे में Haryana को मिले 12000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव

UP Legislative Council Polls: मेरठ में BJP के Dinesh Goyal और श्रीचंद शर्मा जीते

PM Modi और लिकटेंस्टाइन के युवराज Alois के बीच द्विपक्षीय सहयोग पर वार्ता

वर्ष 2029 में भी Narendra Modi के नेतृत्व में बनेगी राजग सरकार: JP Nadda