BJP देश में रूस और चीन जैसा शासन चाहती है : Farooq Abdullah

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 02, 2024

जम्मू। नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश में रूस और चीन जैसा शासन दोहराना चाहती है। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) देश के संविधान की रक्षा के लिए आगे आया है भले ही यह ‘हमारी जान’ की कीमत पर हो। उन्होंने 1970 के दशक में श्रीलंका को सौंपे गए कच्चातिवु द्वीप के मुद्दे पर भी केंद्र पर निशाना साधा और सवाल किया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार लद्दाख में चीन की ‘लगातार घुसपैठ’ और अरुणाचल प्रदेश में भूमि पर उसके दावों पर चुप क्यों है। 

अब्दुल्ला जम्मू लोकसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल करने वाले कांग्रेस उम्मीदवार रमन भल्ला के साथ जम्मू में थे। इस सीट पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। कांग्रेस और नेकां, देानों ही ‘इंडिया’ का हिस्सा हैं। 1970 के दशक में कच्चातिवु द्वीप श्रीलंका को सौंपने के फैसले पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कांग्रेस की आलोचना के बारे में पूछे जाने पर अब्दुल्ला ने लद्दाख में चीन की कथित घुसपैठ और अरुणाचल प्रदेश में भूमि पर उसके दावों की ओर इशारा किया। श्रीनगर के सांसद ने कहा, ‘‘कितनी जमीन चीन के पास है, वे (केंद्र सरकार) इस बारे में बात क्यों नहीं कर रहे हैं? 

चीन ने हमारी हजारों किलोमीटर जमीन हड़प ली है और हमने संसद में मुद्दा उठाया लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। पहले उन्हें इस पर जवाब देने दीजिए।’’ अब्दुल्ला ने पूछा कि भारत और चीन के बीच ‘18 या 19 दौर की वार्ता’ हो चुकी है लेकिन इन वार्ताओं का नतीजा क्या निकला है, वे (चीन) लगातार आगे बढ़ रहे हैं और यहां तक ​​कि उन स्थानों का नाम बदलना भी शुरू कर दिया है जिन्हें वे अपना हिस्सा होने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे (भाजपा) इसके खिलाफ अपनी आवाज क्यों नहीं उठा रहे हैं? 

इसे भी पढ़ें: Madhya Pradesh : दोस्त को ‘‘April Fool’’ बनाने के चक्कर में गई 18 वर्षीय छात्र की जान

उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि श्रीलंका को छोड़कर अपनी जमीन के बारे में बात करें, लद्दाख के बारे में बात करें। नेशनल कॉन्फ्रेंस द्वारा अनंतनाग-राजौरी सीट से अपना उम्मीदवार घोषित करने पर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के ‘निराश’ होने के बारे में पूछे जाने पर अब्दुल्ला ने नाराजगी भरे स्वर में कहा, ‘‘आपको किसने बताया कि वे निराश हैं? क्या आपने उन्हें (महबूबा मुफ्ती) दिल्ली में सुना है? फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला (नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष) और महबूबा एकजुट हैं।’’ जब उनसे कहा गया कि पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी भी नेशनल कॉन्फ्रेंस के मियां अल्ताफ के खिलाफ उम्मीदवार खड़ा कर सकती है, तो अब्दुल्ला ने कहा कि यह एक स्वतंत्र देश है और कोई भी चुनाव लड़ सकता है।

प्रमुख खबरें

कच्चे तेल में तेजी के बीच Sensex 460 अंक फिसला, Nifty भी 124 अंक टूटा

Blue Energy Motors केंद्र की Parivartan योजना से जुड़ी, Delhi NCR में चलेंगे स्वच्छ वाणिज्यिक ट्रक

PC Jeweller का Net Profit 58 प्रतिशत बढ़ा, 14 बैंकों का कर्ज चुकाकर बनी Debt Free

Harry Brook ने तोड़ा Shubman Gill का रिकॉर्ड, 114 गेंदों में जड़ा सबसे तेज ODI दोहरा शतक