मोदी सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए डिजिटल रैलियां करेगी भाजपा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 09, 2020

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपानीत केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी 10 जून से प्रदेश में डिजिटल कांफ्रेंस और डिजिटल रैलियों का आयोजन करेगी। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सोमवार को यहां पत्रकार वार्ता में बताया, ‘‘मोदी सरकार के एक वर्ष की उपलब्धियों को पार्टी कार्यकर्ताओं और जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी डिजिटल कांफ्रेंस और डिजिटल रैली का सहारा ले रही है। इसके लिए 10 जून से पार्टी द्वारा प्रदेश के सात संभागों में सात डिजिटल रैली आयोजित की जाएंगी।’’ उन्होंने बताया, ‘‘इसकी शुरुआत 10 जून को शाम 4.00 बजे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की डिजिटल रैली से होगी। इस रैली से लिंक के द्वारा जुड़कर प्रदेश के एक लाख नागरिक और 33 जिलों के 1,000 से अधिक प्रबुद्ध जन प्रधानमंत्री मोदी की आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को समझेंगे। इस रैली में गडकरी के साथ दिल्ली से केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, नरेंद्रसिंह तोमर, प्रहलाद पटेल एवं फग्गनसिंह कुलस्ते भाग लेंगे। भोपाल से मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं मैं स्वयं शामिल रैली में भाग लूंगा।’’ उन्होंने बताया कि प्रदेश में वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों की 138 डिजिटल//वीडियो कांफ्रेंस आयोजित की जा रही हैं, जिनमें अलग-अलग विधानसभाओं के कार्यकर्ता व प्रबुद्धजन भाग ले रहे हैं। अभी तक 70 वीडियो कांफ्रेंसिंग हो चुकी हैं। इसके साथ ही पार्टी नेताओं की 48 पत्रकार वार्ताएं आयोजित की जा चुकी हैं। शर्मा ने बताया कि पार्टी के विभिन्न मोर्चों द्वारा अलग-अलग वर्गों के प्रबुद्धजनों के साथ 500 वीडियो कांफ्रेंस आयोजित किए जाएंगे, जो शुरू हो चुके हैं। 

इसे भी पढ़ें: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सिंधिया और उनके समर्थकों को बताया बीजेपी कार्यकर्ता

पार्टी के विभिन्न मोर्चों द्वारा सभी मंडलों में फेस मास्क, सेनेटाइजर का वितरण किया जा रहा है तथा जनजागरण का कार्य किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 10 जून की डिजिटल रैली की साथ ही घर-घर संपर्क अभियान भी शुरू हो जाएगा। इसके जरिए प्रधानमंत्री मोदी का पत्र, केंद्र सरकार की उपलब्धियों का फोल्डर तथा मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किए गए कामों का पत्रक लेकर दो-दो कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करेंगे और लोगों को मोदी सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी 65 हजार बूथों पर घर-घर संपर्क किया जाएगा।

प्रमुख खबरें

Garud Binoculars: रक्षा PSU इंडिया ऑप्टेल ने नागरिक बाजार में उतारे

July में WPI Inflation घटकर 9.78 प्रतिशत रही, ईंधन और खाद्य वस्तुओं के दाम गिरने से मिली राहत

Galle Test: Sri Lanka के खिलाफ शुभमन गिल की अगुआई में उतरेगी भारतीय टीम

गाजा नहीं ये बलूचिस्तान है...बौखलाई पाकिस्तानी सेना ने F-16 से गिराया बम!