आंध्र प्रदेश में गठबंधन पर अंतिम निर्णय भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व लेगा: पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष पुरंदेश्वरी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 17, 2023

आंध्र प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी पवन कल्याण की जनसेना पार्टी के तेलगु देशम पार्टी (तेदेपा) के साथ चुनावी तालमेल की एकतरफा घोषणा के मद्देनजर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश अध्यक्ष दग्गुबाती पुरंदेश्वरी ने रविवार को कहा कि गठबंधन पर अंतिम फैसला निर्णय का केंद्रीय नेतृत्व लेगा। पुरंदेश्वरी ने विजयवाड़ा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन और विश्वकर्मा जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम से इतर ये टिप्पणियां कीं। उन्होंने बताया कि जनसेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण ने कहा है कि वह अपना रुख स्पष्ट करने के लिए भाजपा नेतृत्व से मिलेंगे।

विभिन्न मौकों पर, कई स्थानीय भाजपा नेताओं ने कहा है कि तेदेपा के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा, लेकिन उनके स्थानीय सहयोगी कल्याण ने हाल में राजामहेंद्रवरम केंद्रीय जेल में तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू के साथ बैठक के बाद एकतरफा घोषणा की थी कि जनसेना और तेदेपा अगले चुनावों के लिए एकजुट होगी। पुरंदेश्वरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘उनसे (पवन कल्याण) बातचीत के बाद पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व हमारे साथ भी चर्चा करेगा और बाद में निर्णय लेगा।’’ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनसेना अभी भी राजग का हिस्सा है। तेदेपा के साथ गठबंधन की घोषणा करते समय कल्याण ने यह भी विश्वास जताया था कि इस नए तालमेल को भाजपा का ‘पूर्ण समर्थन’ मिलेगा।

जनसेना ने भाजपा और तेदेपा नेताओं के साथ समन्वय के लिए राजनीतिक मामलों की समिति के अध्यक्ष नादेंडला मनोहर के नेतृत्व में एक समिति बनाने का भी फैसला किया है। करोड़ों रुपये के कौशल विकास निगम घोटाले में तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के बारे में पुरंदेश्वरी ने कहा कि भाजपा ने सबसे पहले गिरफ्तारी की निंदा की थी और स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी का गिरफ्तारी से कोई लेना-देना नहीं है।

पुरंदेश्वरी ने रेखांकित किया कि आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी), जिसने नायडू के खिलाफ मामले दर्ज किए और उन्हें गिरफ्तार किया, राज्य सरकार को रिपोर्ट करती है और सवाल किया कि भाजपा का इससे क्या लेना-देना है। पुरंदेश्वरी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं और पार्टी के तेलंगाना नेतृत्व ने भी नायडू को कथित तौर पर उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना गिरफ्तार करने के तरीके की निंदा की है।

प्रमुख खबरें

Dubai में Drone धमाके से दहशत, Iran के हमलों के बीच खाड़ी देशों में बढ़ा तनाव

Kolkata की सड़कों पर Mamata Banerjee, गैस संकट और महंगाई पर केंद्र के खिलाफ हल्ला बोल

Jammu में जानलेवा हमला, अब Srinagar Court का शिकंजा, Farooq Abdullah के खिलाफ वारंट

World Cup का न्योता या चेतावनी? Trump ने Iran की Football Team को लेकर कही बड़ी बात