By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 10, 2021
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कोरोना वायरस संक्रमण और इससे लोगों की मौत के मामलों की संख्या कम दिखाने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा तय किए गए प्रोटोकॉल के अनुसार ही मौत के मामलों को दर्ज कर रही है। वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना शासित बीएमसी पर शहर में कोविड-19 संबंधी मौत और संक्रमण दर के आंकड़ों से ‘‘छेड़छाड़’’ करने का शनिवार को आरोप लगाया था।
फडणवीस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे पत्र में कहा था कि बीएमसी कुछ कोविड-19 रोगियों की मौत के अन्य कारण बताकर संक्रमण से हुई मृत्यु के मामलों को कम करके बता रहा है। गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय ने महामारी की दूसरी लहर से प्रभावी ढंग से निपटने के लिये हाल ही में बीएमसी की प्रशंसा की थी। मुंबई में रविवार को संक्रमण के 2,403 नए मामले सामने आने के बाद अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 6,76,475 हो गई तथा 68 और लोगों की मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 13,817 हो गई।