केन्द्रीय मंत्री को ले जा रही नौका ओडिशा के चिल्का झील में दो घंटे फंसी रही: अधिकारी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 08, 2024

केंद्रीय मंत्री परषोत्तम रूपाला को ले जा रही एक नौका ओडिशा की चिल्का झील में रविवार शाम लगभग दो घंटे तक फंसी रही। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। शुरुआत में यह माना जा रहा था कि नौका कथित तौर पर मछुआरों द्वारा डाले गए जाल के कारण फंस गई है लेकिन बाद में केन्द्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी नौका रास्ता भटक गई थी।

प्रशासन ने एक अन्य नौका भेजी जिससे केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री को वहां से निकाल लिया और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाया। रूपाला के साथ नौका पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा और पार्टी के कुछ अन्य स्थानीय नेता भी थे।

यह घटना उस वक्त हुई जब मंत्री ने खुर्दा जिले के बारकुल से अपनी यात्रा शुरू की और पुरी जिले के सतपाड़ा जा रहे थे। मंत्री के काफिले में ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया किनलबाना पक्षी अभयारण्य के पास यांत्रिक नौका लगभग दो घंटे तक फंसी रही।

मंत्री ने बाद में संवाददाताओं से कहा,‘‘ अंधेरा हो गया था और नौका परिचालित कर रहे नाविक को भी रास्ते की जानकारी नहीं थी। इसलिए हम रास्ता भटक गए। हमें सतपाड़ा पहुंचने में दो घंटे से अधिक वक्त लगा।’’ घटना के बाद प्रशासन ने सतपाड़ा से एक और नौका भेजी और उससे मंत्री और उनके सहयोगी गंतव्य तक पहुंचे।

प्रमुख खबरें

जोफ्रा आर्चर की टी20 वर्ल्ड कप में वापसी: इंग्लैंड की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान

Eden Gardens टेस्ट पिच पर आईसीसी की मुहर, गुवाहाटी को मिला ‘बहुत अच्छा’ दर्जा

नाइजीरिया में जोशुआ की कार ट्रक से टकराई, दो टीम सदस्यों की मृत्यु, चैम्पियन एंथनी अस्पताल में भर्ती

Investment bankers की बम्पर कमाई: 2025 में IPO से ₹4113 करोड़ की फीस, पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा